23 हजार से अधिक लोग प्रभावित, असम के शहरी इलाकों में बाढ़ ने मचाया कहर

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 10:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क : असम के कई शहरी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण आई बाढ़ से 23,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश होने की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपने बुलेटिन में कहा कि कामरूप (महानगर), श्रीभूमि और कछार जिलों में शहरी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। इन जिलों के चार राजस्व मंडल और 12 गांव जलमग्न हो गए हैं, जिससे 23,619 लोग प्रभावित हुए हैं।

एएसडीएमए के बुलेटिन के अनुसार, कछार जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 15,617 लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। इसके बाद श्रीभूमि जिले में 8,002 लोग प्रभावित हुए हैं। एएसडीएमए ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान शहरी इलाकों में बाढ़ में किसी की मौत या लापता होने की सूचना नहीं मिली है। श्रीभूमि जिले में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की नाव के जरिए फंसे हुए 53 लोगों और तीन पशुओं को सुरक्षित निकाला गया।

इस बीच, क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी), गुवाहाटी ने अगले 24 घंटों के लिए श्रीभूमि, हैलाकांडी, कछार और दीमा हसाओ जिलों में बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।'ऑरेंज अलर्ट' का अर्थ है 'कार्रवाई के लिए तैयार रहें'। यह चेतावनी तब जारी की जाती है, जब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना हो।

मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों-धुबरी, दक्षिण सालमारा-मनकाचर, गोलपाड़ा, कोकराझार, बारपेटा, बोंगाईगांव, बजाली, तामुलपुर, नलबाड़ी, कामरूप और कामरूप (महानगर), उदालगुड़ी, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, सोनितपुर, बिश्वनाथ, लखीमपुर, धेमाजी, चराइदेव, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। 'येलो अलर्ट' का अर्थ है 'सतर्क रहें और मौसम की जानकारी लेते रहें'। आरएमसी के पूर्वानुमान के अनुसार, 'येलो अलर्ट' वाले कुछ जिलों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News