Jharkhand : आकाशीय बिजली का कहर, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा कोहराम
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 12:08 AM (IST)
नेशनल डेस्क: झारखंड के कोडरमा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। शुक्रवार की रात हुई इस कुदरती आपदा ने पूरे नंदुडीह गांव को शोक में डुबो दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा।
सोते समय आसमान से बरसी 'मौत'
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे सतगावां थाना क्षेत्र के नंदुडीह गांव में हुई। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य अपने घर में थे, तभी अचानक तेज गरज के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सरस्वती देवी (36), उनके 17 वर्षीय बेटे और एक बुजुर्ग रिश्तेदार मुंदरिका देवी (78) के रूप में की गई है।
अस्पताल भेजे गए शव, परिजनों का बुरा हाल
उप-निरीक्षक एस.के. राम ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा के सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद से ही मृतकों के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है।
मुआवजे का ऐलान: प्रति मृतक मिलेंगे 4 लाख रुपये
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां ब्लॉक के सर्किल अधिकारी केशव प्रसाद चौधरी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से शोक संतप्त परिवार को तत्काल सहायता के तौर पर 50,000 रुपए की नकद राशि प्रदान की गई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि कागजी औपचारिकताएं पूरी होते ही झारखंड सरकार की नीति के तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये का पूरा मुआवजा दिया जाएगा।
