Mall Lift Stuck: मॉल की लिफ्ट में 35 मिनट तक फंसे रहे 13 लोग, बिजली कटने से मची चीख-पुकार, घबराहट में...
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 01:05 PM (IST)
Bareilly Mall Lift Stuck : उत्तर प्रदेश के बरेली जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस इलाके से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। यहां स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट रविवार 21 जून की रात करीब 10 बजे बिजली गुल होने के कारण अचानक बीच में ही अटक गई। भीषण गर्मी और दमघोंटू उमस के बीच तीन बच्चों और चार महिलाओं समेत कुल 13 लोग करीब 35 मिनट तक लिफ्ट के अंदर ही कैद रहे। इस दौरान हवा की कमी और घबराहट की वजह से 17 साल की एक किशोरी बेहोश हो गई जिसके बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया।
जानकारी के लिए बता दें कि मूवी फ्लोर और सेकंड फ्लोर से होते हुए लिफ्ट फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचने वाली थी तभी बिजली चली गई। अंदर फंसे लोगों ने पहले मदद के लिए आवाज लगाई। उन्होंने सुरक्षा प्रभारी को 8-10 बार कॉल किया लेकिन जवाब नहीं मिला। शालिनी के बेहोश होते ही अंदर मौजूद युवकों ने लिफ्ट का गेट तोड़ना शुरू किया। बाहर से फर्स्ट फ्लोर पर मौजूद लोगों और मॉल कर्मियों ने भी मदद की। करीब 30-35 मिनट बाद गेट तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बरेली सिटी सेंटर LA मॉल की लिफ्ट में फंसे लोग।
— Pradeep Maikhuri (@PradeepMaikhur3) June 22, 2026
दरवाजा तोड़कर निकले गए महिला और बच्चे। pic.twitter.com/HpMYMHBZCA
वहीं पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों के बयान दर्ज किए हैं और कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (प्रथम) आशुतोष शिवम के अनुसार सूचना पर चौकी चौराहा पुलिस भेजी गई थी लेकिन तब तक लोग बाहर आ चुके थे।
यह भी पढ़ें: Noida Drug Racket Bust: नोएडा में ओजी गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4 लोग गिरफ्तार
इस मौके पर मॉल प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि बिजली जाने के बाद जनरेटर चालू होने से पहले ही अंदर किसी ने गेट पर लात मार दी जिससे सेंसर ने काम करना बंद कर दिया। बता दें कि रविवार जाने के कारण बड़ी संख्या में लोग सिनेमा देखने और घूमने मॉल पहुंचे थे।
