आंधी-तूफान का कहर, ई-रिक्शा पर पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 06:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के फरिहा क्षेत्र में सोमवार शाम तेज आंधी में एक विशालकाय नीम का पेड़ ई रिक्शा के ऊपर गिर गया। इस हादसे में रिक्शा पर सवार पांच यात्रियों की मौत हो गयी जबकि मां बेटे घायल हो गये। मृतकों के परिवारों को देवी आपदा कोष से सभी को चार चार लाख रुपए आर्थिक सहायता मिलेगी। मंगलवार को पोस्टमाटर्म के बाद शवों को परिजनों को सौंपा गया।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के अवागढ़ मार्ग पर सोमवार शाम को एक ई रिक्शा सवारियां भर कर आवागढ़ से फरिहा को आ रहा था। इस दौरान रास्ते में तेज आंधी और धूल का गुबार आने से एक विशालकाय नीम का पुराना पेड़ चलते हुए ई रिक्शा के ऊपर गिर गया। पेड़ की गिरते ही सवारियां उसके नीचे दब गई और चीख पुकार मच गई।

सूचना पर थाना पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से जेसीबी मशीन द्वारा पेड़ और मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सवारियों में पांच की मौत की पुष्टि डॉक्टर द्वारा की गई है जबकि एक महिला फूल माला (30) तथा उसका बेटा अनुराग (3) गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए भर्ती कर दिया गया है। मृतकों में हरीश पाल (59),गंगा सिंह (65),ई रिक्शा चालक विष्णु (20),गजेंद्र (28) और अमन (17) शामिल है। मंगलवार को सभी मृतकों के शवों का पोस्टमाटर्म करा कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News