यूक्रेन से वापसी: यूक्रेन से भारतीयों को लेकर एयर इंडिया की फ्लाइट मुंबई पहुंची, 219 लोगों की हुई वतन वापसी

punjabkesari.in Saturday, Feb 26, 2022 - 08:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: यूक्रेन से 219 यात्रियों को लेकर पहली निकासी उड़ान महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी गई है। विमान ने आज दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। जब भारतीय छात्र मुंबई पहुंचे तो केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने खुद उनकी अगवानी की और हालचाल जाना। गोयल ने कहा कि पीएम मोदी ने शुरुआत से ही इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाई। विदेश मंत्रालय और दूतावासों के जरिये सैकड़ों भारतीय छात्र सुरक्षित आ चुके हैं, जिनमें ज्यादातर लड़कियां हैं। जल्द ही और बच्चे वापस आएंगे। जब तक सारे भारतीय नागरिक वापस नहीं आ जाते, ये मिशन चलता रहेगा। 

यूक्रेन से आने वाले यात्रियों का सारा खर्च हम वहन करेंगे- मुंबई की मेयर
भारतीयों की वापसी को लेकर मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि यह हमारे बच्चे हैं जो अपने वतन वापस आ रहे हैं। बीएमसी ने उनकी वापसी के लिए तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन से आने वाले यात्री अगर कहीं भी जाना चाहते हैं तो उनका कोविड टेस्ट, टीकाकरण, भोजन उनका सारा खर्च हम वहन करेंगे। मेयर ने कहा कि आज जो यात्री यूक्रेन से मुंबई आ रहे हैं उन्हें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से मुफ्त सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट लाए गए भारतीयों ने सभी का अच्छे से ख्याल रखने के लिए भारतीय अधिकारियों की प्रशंसा की।

इससे पहले विदेश मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘219 भारतीयों के साथ मुंबई के लिए पहली उड़ान रोमानिया से रवाना हो चुकी है।’’ जयशंकर ने कहा कि विदेश मंत्रालय को भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से निकालने के प्रयास में कामयाबी मिल रही है। इनमें अधिकतर छात्र-छात्राएं हैं।विदेश मंत्री ने कहा यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने के काम प्रगति पर है। हमारी टीमें वहां दिन रात काम में लगी हैं। मैं स्वयं निगरानी कर रहा हूं।

 

विदेश मंत्री ने इस काम में सहयोग के लिए रोमानिया के विदेश मंत्री बोगडान ऑरेस्कु को धन्यवाद दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘विदेश मंत्री बोगडान ऑरेस्कु को उनकी सरकार से मिले सहयोग के लिए हृदय की गहराइयों से धन्यवाद।'' रोमानिया के विदेश मंत्री ने जयशंकर के ट्विटर संदेश के जवाब में ट्वीट किया, ‘‘मित्र और भागीदार तो इसीलिए होते हैं। रोमानिया-भारत मित्रता।'' शुक्रवार को भारतीय छात्रों का पहला दल यूक्रेन की सीमा से निकलकर रोमानिया पहुंचा था, इस बीच वहां फंसे भारतीयों की ओर से मदद के लिए सोशल मीडिया पर अपील का तांता लगा हुआ।





 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News