खराब मौसम ने बढ़ाई एयर इंडिया की मुश्किलें: मुंबई-दिल्ली फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

punjabkesari.in Tuesday, Jun 24, 2025 - 11:33 AM (IST)

नेशनल डेस्क। हवाई यात्रियों के लिए परेशानी भरे दिन जारी हैं! मुंबई से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को रात में खराब मौसम के चलते दिल्ली में लैंडिंग न मिल पाने के कारण जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। पायलट द्वारा दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के कई असफल प्रयासों के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया। फ्लाइट रात करीब 8:30 बजे जयपुर पहुंची और यात्रियों को पूरी रात एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।

दिल्ली में कई बार असफल रहे लैंडिंग के प्रयास

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2687 शाम 4 बजे मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी और इसे शाम 6:30 बजे तक दिल्ली पहुंचना था। लेकिन जब फ्लाइट दिल्ली एयरस्पेस में पहुंची तो पायलट ने लैंडिंग के लिए लगभग चार से पांच बार प्रयास किए। बताया जा रहा है कि खराब मौसम या अन्य अज्ञात कारणों से वे सफल नहीं हो पाए। लगभग 45 मिनट तक लैंडिंग की कोशिशें जारी रहीं जिसके बाद फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया। जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हुई लेकिन इस अप्रत्याशित देरी के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: 'ईरान वालो, झुकना मत... अमेरिका ने मेरे पिता को भी धोखे से मारा था!' - गद्दाफी की बेटी का वायरल संदेश

 

एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी

इससे ठीक एक दिन पहले यानी कल सुबह, जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी सामने आई थी। यह फ्लाइट सुबह टेक-ऑफ से ठीक पहले रनवे पर थी जब कॉकपिट में एक तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। पायलट ने तुरंत निर्णय लेते हुए फ्लाइट को एप्रन पर वापस लाकर खड़ा किया। इस फ्लाइट में 130 यात्री सवार थे।

इंजीनियरों ने करीब 5 घंटे तक तकनीकी खराबी को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। आखिरकार यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।

एयर इंडिया की इन लगातार तकनीकी और परिचालन संबंधी समस्याओं से यात्रियों में चिंता बढ़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News