नशेड़ी चूहे: पहले पी 1400 पेटी शराब, अब खा गए 5 करोड़ का गांजा... पुलिस का अजीबोगरीब दावा

punjabkesari.in Monday, Sep 16, 2024 - 08:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: एटा जिले के मलावन थाने में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां 5 करोड़ रुपए का गांजा 'चूहों' के द्वारा खा लिए जाने का दावा किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चूहों पर गांजा खाने का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है।

फरवरी 2023 में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने आगरा के पास आसपुर टोल प्लाजा से एक कैंटर में 10.41 क्विंटल गांजा जब्त किया था, जिसकी कीमत 5.20 करोड़ रुपए बताई गई थी। यह गांजा एटा के मलावन थाने के मालखाने में रखा गया था। कुछ महीनों बाद जब जांच हुई, तो पाया गया कि गांजे के पैकेट्स कटे हुए हैं।

पुलिसकर्मियों पर उठ रहे सवाल 
थाना प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने कहा कि अपर पुलिस अधीक्षक ने जब मालखाने का निरीक्षण किया, तो कुछ पैकेट्स कटे हुए मिले। उनका दावा है कि चूहों ने उन पैकेट्स को कुतर दिया। हालांकि, पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, क्योंकि इससे पहले भी 2021 में एटा से 1400 पेटी शराब गायब होने का मामला सामने आया था। उस वक्त भी पुलिस ने चूहों को ही दोषी ठहराया था। अब पुलिस जांच के घेरे में है और सवाल उठ रहे हैं कि क्या सच में चूहे नशेड़ी हो गए हैं, या फिर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह का गड़बड़झाला किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News