लखनऊ के एक कॉलेज में आज फिर लगी आग, बीते कल 15 लोग जिंदा जले थे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 08:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र में एक निजी कॉलेज के कार्यालय में आग लग गई हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के अनुसार, विभाग को मंगलवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे शेख हबीबपुर इलाके स्थित इरम कॉलेज के कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल के दो वाहनों को मौके पर भेजा गया।

उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर जाकर पाया कि कार्यालय के अंदर फर्नीचर, फाइलें और अलमारियां आग की चपेट में थीं हालांकि, कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। विभाग ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से आग को इमारत के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट सामने आई है। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद राजधानी में वाणिज्यिक और शिक्षण संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा उपायों की जांच तेज कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News