Mobile Recharge Price Hike: मोबाइल यूजर्स को लग सकता है बड़ा झटका, इतने बढ़ सकते हैं Recharge के दाम
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 04:47 PM (IST)
Mobile Recharge Price Hike: देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स को एक बार फिर से बड़ा झटका लग सकता है। Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea जैसी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां अपने रीचार्ज प्लान्स में 12 से 15% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं। फिलहाल इसे लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अगले 3-4 महीनों में लागू हो सकती हैं नई दरें
'सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च' की चालू वित्त वर्ष (FY27) की पहली तिमाही की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टेलीकॉम बाजार में अब गिने-चुने (3 निजी और 1 सरकारी) ऑपरेटर्स ही बचे हैं। ऐसे में रिपोर्ट का अनुमान है कि अगले तीन से चार महीनों के भीतर कंपनियां अपने टैरिफ प्लान महंगे कर सकती हैं।
कीमत बढ़ोतरी के पीछे का कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, जून तिमाही में सभी निजी टेलीकॉम कंपनियों के प्रति उपभोक्ता औसत राजस्व (ARPU) में तिमाही-दर-तिमाही 1 से 1.5% की वृद्धि होने की उम्मीद है। अब तकरीबन उपभोक्ता 4G और 5G नेटवर्क पर शिफ्ट हो रहे हैं। इसके अलावा पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

बाजार हिस्सेदारी में जियो और एयरटेल आगे
सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक ग्राहक रिलायंस जियो और भारती एयरटेल को लोगों द्वारा ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इस तिमाही में जियो के साथ लगभग 70 लाख और एयरटेल के साथ 50 लाख नए यूजर्स जुड़ने की उम्मीद है, जबकि वोडाफोन आइडिया (Vi) के खाते में करीब 2 लाख नए ग्राहक आ सकते हैं।
वोडाफोन आइडिया (Vi) के लिए बड़ी राहत
इस रेस में भले ही वोडाफोन आइडिया जियो और एयरटेल से थोड़ा पीछे है, लेकिन कंपनी 100 शहरों में अपने 5 जी नेटवर्क का विस्तार कर चुकी है। इसके अलावा अब कंपनी पर वित्तीय बोझ भी काफी कम हो गया है।
