चलता ट्रक बना आग का गोला, चालक की जिंदा जलकर मौत

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 05:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश में पीलीभीत-पूर्णपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलते ट्रक में आग लगने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक ट्रक का मालिक भी था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पूर्णपुर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी नहर और धन्ना गुरुद्वारे के बीच हुई। ट्रक पीलीभीत से पूर्णपुर की ओर जा रहा था और उसमें बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के टुकड़े लदे थे।

पुलिस ने बताया कि चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से पूरे वाहन में फैल गई और कुछ ही देर में ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। चालक आग की चपेट में फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पूर्णपुर कोतवाली पुलिस ने ट्रक के केबिन से एक जला हुआ शव बरामद किया, जिसकी पहचान रामपुर जिले के बिलासपुर निवासी तथा ट्रक मालिक बलविंदर सिंह (50) के रूप में हुई। पूर्णपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि आग बुझने के बाद ट्रक के केबिन से एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला।

प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान ट्रक चालक के रूप में हुई, जिसकी बाद में बलविंदर सिंह के रूप में पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि बलविंदर सिंह शुक्रवार को ट्रक में प्लास्टिक का सामान लादकर नेपाल सीमा क्षेत्र की ओर आपूर्ति के लिए निकले थे। रास्ते में ट्रक में आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित सभी संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News