दिल्ली के बाजार में आग लगने से 500 दुकानें जलकर खाक, लोगों ने दमकल गाड़ियों पर पथराव किया

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 12:14 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित फर्नीचर बाजार में भीषण आग लगने से करीब 500 दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात लगी आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई में कथित देरी से नाराज स्थानीय लोगों ने दमकल गाड़ियों पर पथराव किया। वहीं, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने आरोपों का खंडन किया और कहा कि अग्निशमन अभियान पूरी रात जारी रहा। उन्होंने बताया कि आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:56 बजे उत्तर-पूर्वी नई दिल्ली के शास्त्री पार्क फर्नीचर बाजार में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि लगभग 200 पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया, जबकि कई दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया। वहीं, एक डीएसएफ अधिकारी ने बताया कि लकड़ी के फर्नीचर और प्लाईवुड जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल गई। उन्होंने बताया कि विभाग को रात 11 बजकर 57 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली और दमकल गाड़ियों को तुरंत रवाना किया गया।

अधिकारी ने कहा, ''बाद में आग को मध्यम श्रेणी की आग के रूप में वर्गीकृत किया गया। घटनास्थल पर लकड़ी का फर्नीचर और प्लाईवुड मुख्य ज्वलनशील पदार्थ थे। आग बुझाने के काम में लगभग 25-26 दमकल गाड़ियों को लगाया गया।'' उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुछ लोगों ने दमकल कर्मियों पर पथराव किया, जिसके बाद रात लगभग 12 बजकर 50 मिनट पर पुलिस सहायता मांगी गई। कुछ लोगों ने दावा किया कि दमकल गाड़ियां मौके पर देर से पहुंचीं, जिसके कारण ईद-उल-अजहा से पहले व्यापारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ।

वहीं, एक स्थानीय निवासी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''आग रात लगभग 11 बजकर 15 मिनट पर लगी और दमकल गाड़ियां लगभग एक घंटे बाद पहुंचीं। हमें नहीं पता कि दो दुकानों में आग कैसे लगी। पूरा बाजार तबाह हो गया है और लगभग 20 दुकान बची हैं। सभी को भारी नुकसान हुआ है। यह हमारे त्योहार का समय है।'' उसने दावा किया कि वह आग लगने के लगभग 45 मिनट बाद मौके पर पहुंचा और तब तक केवल दो दमकल गाड़ियां ही बाजार में पहुंची थीं। पुलिस ने बताया कि शास्त्री पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News