मुंबई हादसे में 15 लोगों की मौत, राष्ट्रपति और PM मोदी ने जताया दुख

punjabkesari.in Friday, Dec 29, 2017 - 06:00 PM (IST)

मुंबई : मध्य मुंबई की एक इमारत में स्थित पब में जन्मदिन के उत्सव के दौरान आधी रात के बाद आग लगने की घटना में 11 महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हो गई, जिससे जश्न का पूरा माहौल मातम में तब्दील हो गया। अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई। हादसे को लेकर देश भर से शोक संवेदनाएं प्रकट की जा रही हैं। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई हादसे में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 

PunjabKesari
अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही 12 से अधिक दमकलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और सुबह करीब साढ़े छह बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। घायलों को केईएम अस्पताल,भाटिया अस्पताल और ऐरोली बर्न्स अस्पताल में दाखिल कराया गया है जबकि मामूली रूप से घायल दो लोगों को सियोन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गयी। केईएम अस्पताल के डीन डॉ. अविनाश सुपे ने बताया कि पोस्टमार्टम से पता चला कि जल कर मरे लोगों से अधिक संख्या उन लोगों की है जिनकी मौत दम घुटने के कारण हुई।
PunjabKesari
मृतकों में ज्यादातर संख्या महिलाओं की है जो रेस्टोरेंट में एक बर्थडे पार्टी में शामिल हुई थी। केईएम अस्पताल से जिन मृतकों की पहचान की है उनके नाम जीत(49), प्रीती(36), तेजल(4), खुश्बू बंसल(26), मनीषा(30) यश(27) शेफाली, किंजल और मनीषा बताये गये हैं।  कमला मिल्स कम्पाउंड में परिष्कृत औद्योगिक परिसर, रेस्तरां, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के अलावा कई मीडिया संस्थानों के कार्यालय स्थित हैं।
PunjabKesari
हादसे के कारण स्पष्ट नहीं
मुंबई पुलिस के मुताबिक दृष्टतया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है। पुलिस ने रेस्टारेंट के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
PunjabKesari

कोविंद और मोदी ने जताया दुख 
कोविंद ने आज ट्वीट कर कहा, ‘‘मुंबई में आग लगने की घटना दुखद है। मैं मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।’’

मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ति परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘मुंबई में आग की घटना से मैं व्यथित हूं। दु:ख की इस घड़ी में मेरी सहानुभूति पीड़ति परिवारों के साथ है। मैं घायलों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

राहुल गांधी ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताते हुए घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मराठी भाषा में किए गए ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘कमला मिल्स परिसर में आग की घटना में लोगों की मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस घटना की पूरी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों का सजा मिलनी चाहिए।’’ 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News