Amravati Hospital Fire: सीएम फडणवीस ने दिए जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की दी सहायता

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 11:49 AM (IST)

मुंबई : महाराष्ट्र के अमरावती जिले में स्थित जिला महिला अस्पताल से एक बेहद दुखद और रूह कंपा देने वाली घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है। अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में आज तड़के अचानक भीषण आग ने तांडव मचा दिया जिसमें 3 नवजात शिशुओं की झुलसने से मौत हो गई।

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश जारी किए हैं। फडणवीस ने एक बयान में कहा कि राज्य सरकार इस घटना में मारे गए प्रत्येक बच्चे के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। 

अधिकारियों ने बताया कि सरकारी अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में एक वेंटिलेटर में तड़के करीब सवा 3 बजे आग लग गई। इस इकाई में समय से पहले जन्मे और गंभीर रूप से बीमार शिशुओं का इलाज किया जाता है। इस घटना में तीन बच्चों की मौत हो गई। 

यह भी पढ़ें: 'Digital Arrest' के नाम पर 30,000 करोड़ का महाघोटाला, ED ने मुंबई से 2 लोगों को किया गिरफ्तार

फडणवीस ने घटना को बेहद दुखद एवं हृदयविदारक बताया और मृत बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि राहत की बात है कि घटना के दौरान अस्पताल से 36 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य प्रशासन को घटना की उच्चस्तरीय जांच करने के निर्देश दिए गए हैं और इस हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव को सोमवार को अमरावती जाकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया। फडणवीस ने अमरावती जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि घायल बच्चों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi