मुस्लिम महिलाओं पर विवादित बयान देने वाले विधायक यतनाल के खिलाफ FIR दर्ज, कही थी ये बड़ी बात
punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 01:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक में मुस्लिम महिलाओं पर विवादित बयान देने वाले विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोप्पल पुलिस ने अब्दुल कलाम की शिकायत के आधार पर यतनाल के खिलाफ FIR दर्ज की है।
शिकायकर्ता ने लगाए ये आरोप
शिकायतकर्ता अब्दुल कलाम ने पुलिस को बताया कि यतनाल के बयान ने समुदायों के बीच नफरत फैलाने का काम किया है। कलाम के अनुसार, विधायक ने मुस्लिम महिलाओं को अपमानजनक और पूर्वाग्रहपूर्ण नजरिए से देखा और उनका अपमान किया।
क्या कहा था विधायक ने?
शोकाकुल परिवार से मिलने के बाद, यतनाल ने घोषणा की थी कि वे एक अभियान शुरू करेंगे, जिसके तहत मुस्लिम महिलाओं से विवाह करने वाले हिंदू युवकों को 5 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हत्या करने वालों को सख्त जवाब देना होगा। यतनाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अल्पसंख्यकों को संरक्षण देती है, जबकि हिंदू युवकों की रक्षा के लिए कोई आगे नहीं आता। इस बयान के बाद राज्य में राजनीतिक बहस छिड़ गई है। भाजपा ने भी यतनाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
यतनाल ने बताया कि गविसिद्दप्पा नायक पर मस्जिद के सामने एक गिरोह ने कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से हमला किया, लेकिन कोई भी उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया। उन्होंने कहा कि सरकार लव जिहाद के मामलों में अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देती है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, विधायक यतनाल ने कुछ दिनों पहले कोप्पल शहर में हिंदू कार्यकर्ता गविसिद्दप्पा नायक के परिवार से मिलने के बाद एक विवादित बयान दिया था। बता दें कि 3 अगस्त की रात को 26 वर्षीय गविसिद्दप्पा नायक की हत्या कर दी गई थी, जिससे क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। गविसिद्दप्पा नायक की हत्या के पीछे एक मुस्लिम नाबालिग लड़की के साथ संबंध होने की वजह से स्थानीय तनाव बढ़ा हुआ है।