गणतंत्र दिवस परेड में ‘नारी शक्ति’ का होगा प्रदर्शन, महिला अधिकारी दिखाएंगी स्टंट

punjabkesari.in Wednesday, Jan 23, 2019 - 06:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: 70 वें गणतंत्र दिवस की परेड में राजपथ पर ऐतिहासिक डेयरडेविल टीम के तहत असम राइफल्स की एक टुकड़ी की अगुवाई में अदम्य नारी शक्ति का प्रदर्शन होगा और एक अकेली महिला अधिकारी बाइक पर स्टंट दिखायेंगी। चीफ ऑफ स्टाफ (हेडक्वार्टर दिल्ली एरिया) मेजर जनरल राजपाल पुनिया ने बताया कि पहली बार आजाद हिंद फौज के 90 साल से अधिक उम्र के चार सैनिक भी इस परेड में हिस्सा लेंगे। 

PunjabKesari
मेजर ने बताया कि यह गणतंत्र दिवस परेड नारी शक्ति का विस्मयकारी प्रदर्शन भी होगा क्योंकि असम राइफल की एक पूर्ण महिला टुकड़ी के अलावा कई टुकडिय़ों का महिलाएं नेतृत्व करेंगी। नौसेना, सेना सेवा कोर की टुकडिय़ों और कोर ऑफ सिग्नल्स की इकाई की भी अगुवाई महिला अधिकारी करेंगी। उन्होंने कहा कि इस साल की परेड में उनकी भागीदारी के स्तर खासकर असम राइफल्स की महिला टुकड़ी और अन्य टुकडिय़ों की कमान महिलाओं के हाथों में होने को देखते हुए यह परेड में महिलाओं की सबसे बड़ी भागीदारी है। 

PunjabKesari
सिग्नल कोर की कप्तान शिखा सुरभि अपनी टीम के पुरुष सहयोगियों के साथ बाइक स्टंट करेंगी। मेजर खुशबू कंवर (30) देश के सबसे पुराने अद्र्धसैनिक बल असम राइफल्स की टुकड़ी की अगुवाई करेंगी। उन्होंने बताया कि असम राइफल्स की महिला टुकड़ी की अगुवाई करना मेरे लिए सम्मान और गर्व की बात है। मैं राजस्थान के एक बस कंडक्टर की बेटी हूं और यदि मैं यह दायित्व पूरा कर सकती हूं तो कोई भी लड़की अपना सपना पूरा कर सकती है।खुशबू ने बताया कि तोप एम 777 अमेरिकन अल्ट्रा लाइट होवित्जर और के 9 वज्र भी इस साल की परेड में शामिल किये गये हैं। हाल ही में अमेरिका से एम 777 अमेरिकन अल्ट्रा लाइट होवित्जर खरीदा गया है। 

PunjabKesari
पुनिया ने कहा कि स्वचालित वज्र प्रधानमंत्री की मेक इन इंडिया पहल का प्रतीक है। बुधवार को यहां गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई।  चंडीगढ़ से प्राप्त समाचार के अनुसार 1919 का जालियांवाला बांग नरसंहार इस साल गणतंत्र दिवस परेड में पंजाब की सरकारी झांकी का विषय होगा। पंजाब की झांकी लगातार तीसरी बार परेड में प्रर्दिशत होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News