किसानों को हर महीने मिलेंगे 3000 रुपए, केंद्र सरकार की इस सकीम से मिलेगी बड़ी राहत, जानें कैसे करें अप्लाई

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 04:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क : केंद्र सरकार किसानों की आय को स्थिर और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में चलाई जा रही पीएम किसान सम्मान निधि योजना तो पहले से ही करोड़ों किसानों के लिए सहारा बनी हुई है, लेकिन अब इससे जुड़ा एक और बड़ा फायदा चर्चा में है। दरअसल, इस योजना से जुड़े किसान चाहें तो 60 वर्ष की उम्र के बाद हर महीने निश्चित पेंशन भी प्राप्त कर सकते हैं। कम ही लोगों को जानकारी है कि सम्मान निधि के लाभार्थी आसानी से पेंशन स्कीम से भी जुड़ सकते हैं, जिससे बुढ़ापे में नियमित आमदनी सुनिश्चित हो सके।

हर साल 6,000 रुपये की सहायता, साथ में पेंशन का विकल्प

पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता तीन बराबर किस्तों में मिलती है। हर चार महीने में 2,000 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं। अब अगर यही किसान पेंशन योजना से भी जुड़ते हैं, तो 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद उन्हें हर महीने 3,000 रुपये की पेंशन मिलती है। यानी सालाना 36,000 रुपये की सुनिश्चित आय। इससे खेती पर निर्भर परिवारों को बुढ़ापे में आर्थिक असुरक्षा का सामना नहीं करना पड़ता।

छोटे किसानों के लिए सुरक्षा कवच

यह पेंशन योजना खास तौर पर छोटे और सीमांत किसानों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। इसका उद्देश्य है कि 60 साल के बाद किसान किसी पर निर्भर न रहें और उन्हें हर महीने तय रकम मिलती रहे।

योजना में शामिल होने के लिए किसान की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जितनी कम उम्र में रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा, उतना ही कम मासिक अंशदान देना होगा। इस योजना में सरकार भी बराबर का योगदान करती है, जिससे किसान का भविष्य सुरक्षित बनता है।

अलग से पैसा देने की जरूरत नहीं

सबसे राहत भरी बात यह है कि सम्मान निधि पाने वाले किसानों को पेंशन के लिए अलग से जेब से भुगतान करने की जरूरत नहीं पड़ती। वे चाहें तो मिलने वाली 6,000 रुपये की सहायता राशि में से ही अंशदान समायोजित कर सकते हैं। इसके लिए किसान की सहमति जरूरी होती है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी बेहद आसान है। इच्छुक किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी के साथ आवेदन कर सकते हैं। कुछ ही औपचारिकताओं के बाद वे इस पेंशन योजना का हिस्सा बन सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News