नकली नोट छापने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार और 5 लाख के जाली नोट बरामद

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 09:50 AM (IST)

बेंगलुरु : बेंगलुरु दक्षिण जिले की पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई 31 अगस्त को की गई। पुलिस के अनुसार इस रैकेट का खुलासा तब हुआ जब रामनगर टाउन के ऐजूर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक सुनसान और नवनिर्मित मकान में अवैध रूप से जाली नोट छापे जाने की गुप्त सूचना मिली थी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान संतोष (35), सतीश (36), संपत (33), राजेश (34), रेणुकराज (31), शिवराज (42) और गोविंदराज (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां 31 अगस्त को की गईं। पुलिस को सूचना मिली थी कि रामनगर टाउन में ऐजूर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नवनिर्मित मकान में नकली नोट छापे जा रहे हैं। 

सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा और सातों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के नकली नोट से संबंधित कागजों के बंडल जब्त किए हैं जो अभी छपाई की प्रक्रिया में थे। 

इसके अलावा नकली नोट तैयार करने में कथित तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे रासायनिक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि ऐजूर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News