ESIC का बड़ा कदम: अब मोबाइल पर मिलेगा क्लेम स्टेटस, शाखा कार्यालय के नहीं लगाने होंगे चक्कर

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 05:38 PM (IST)

नई दिल्ली: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने बीमाकृत व्यक्तियों को उनके दावों की स्थिति के बारे में ऑटोमैटिक अपडेट देने के लिए एसएमएस-आधारित सुविधा शुरू की है। इससे लाभार्थियों को अपने केस का पता लगाने के लिए शाखा कार्यालयों में जाने की जरूरत कम हो जाएगी। एक आदेश में, ईएसआईसी ने कहा कि दावा निपटारों के अलग-अलग चरण पर बीमाकृत लोगों को समय पर जानकारी देने के लिए इस सुविधा को अपने सिस्टम में शामिल किया गया है।

कॉरपोरेशन की लाभार्थी शाखा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत, जब कोई दावा दाखिल, खारिज या मंज़ूर किया जाएगा, तो बीमित व्यक्तियों को अपने-आप एसएमएस अलटर् भेजे जाएंगे। इस कदम का मकसद क्लेम प्रोसेस करने में पारदर्शिता लाना और लाभार्थियों को उनके क्लेम की प्रगति और स्थिति के बारे में जानकारी देते रहना है। 

ईएसआईसी ने कहा कि अभी बीमाकृत लोगों को अपने दावे के निपटारे या उसकी प्रगति के बारे में जानकारी पाने के लिए संबंधित शाखा में जाना पड़ सकता है। एसएमएस सुविधा का मकसद लाभार्थियों को सीधे ऐसी जानकारी देना है। कॉरपोरेशन ने अतिरिक्त निदेशक, क्षेत्रीय निदेशक,प्रभारी संयुक्त निदेशक,प्रभारी उप निदेशक,क्षेत्रीय कार्यालय और उप-क्षेत्रीय कार्यालय से इस सुविधा पर ध्यान देने को कहा है।

जानकारी में कहा गया है कि इस पहल से बीमित लोगों को अपने दावों के निपटारे के बारे में समय पर जानकारी मिल सकेगी। कर्मचारी राज्य बीमा निगम योजना भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में चलाई जाने वाली एक केंद्र सरकार की स्कीम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News