‘हिंद-दी-चादर’ कार्यक्रम के लिए सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करें : डॉ. श्रीकर परदेशी

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 09:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क : श्री गुरु तेग बहादुर साहिबजी के 350वें शहीदी समागम के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य ‘हिंद-दी-चादर’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। यह आयोजन 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को नवी मुंबई के खारघर में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की पूर्व तैयारी की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी ने सुरक्षा, जल आपूर्ति, भोजन, आवास और यातायात की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

इस आयोजन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ ही गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमांता बिस्वा सरमा भी शामिल होंगे। मंत्रालय में आयोजित बैठक में प्रधान सचिव ने बताया कि नागपुर और नांदेड़ के सफल आयोजनों के बाद अब नवी मुंबई में देश भर से करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

श्रद्धालुओं के लिए होंगी विशेष व्यवस्थाएं बैठक में निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं के लिए लंगर, पेयजल, मोबाइल शौचालय, ठहरने के लिए धर्मशालाएं और निःशुल्क शटल बस सेवा उपलब्ध कराई जाए। इस कार्यक्रम में सिख, सिकलकर, बंजारा, लबाना, सिंधी और नामदेव संप्रदाय सहित विभिन्न समाज के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

चलाया जाएगा जनजागृति अभियान समन्वयक रामेश्वर नाईक ने बताया कि गुरु तेग बहादुर के इतिहास को जन-जन तक पहुँचाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में प्रभातफेरी, निबंध प्रतियोगिता और डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। सभी जिलों में डिजिटल प्रचार रथ और संत प्रवास वाहनों के माध्यम से शहीदी इतिहास का प्रचार किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News