जानिए कौन हैं दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के पिता! जिसने भगवान शिव के बारे में कह डाली यह बात

punjabkesari.in Tuesday, Jun 03, 2025 - 11:05 AM (IST)

नेशनल डेस्क। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क के पिता एरोल मस्क इस समय भारत की यात्रा पर हैं और वे भारत यहाँ की संस्कृति और सनातन धर्म से अत्यधिक प्रभावित नज़र आ रहे हैं। लंबे समय से भारत आने की इच्छा रखने वाले एरोल ने अपनी यह इच्छा पूरी होने पर दिल खोलकर भारत और इसकी विरासत की तारीफ की है। सोमवार को उन्होंने सनातन धर्म को विश्व शांति और कल्याण का मार्ग बताया।

दुनिया भगवान शिव का अनुसरण करे तो सभी समस्याओं का होगा हल

एरोल मस्क ने प्राचीन भारतीय विरासत और आध्यात्मिक ज्ञान के प्रति अपने गहरे आकर्षण के बारे में खुलकर बात की। सनातन धर्म की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, भगवान शिव परम रक्षक हैं। मुझे लगता है कि अगर पूरी दुनिया भगवान शिव का अनुसरण करे, तो सब ठीक हो जाएगा।

उन्होंने आगे कहा, मैं कोई विशेषज्ञ नहीं हूँ लेकिन मैं इससे मोहित हूँ। सनातन धर्म इतना प्राचीन है कि यह मुझे हैरान कर देता है। यह हमें बताता है कि दुनिया में कितना कुछ है लेकिन हम वास्तव में कितना कम जानते हैं। भगवान शिव सभी सांसारिक बीमारियों के समाधान हैं।

 

यह भी पढ़ें: सोने से जगमगाई राम नगरी, मंत्रों की गूंज से गूंजा अयोध्या धाम, VIDEO में देखें भव्य नज़ारा

 

अयोध्या में राम मंदिर जाने की जताई इच्छा

सनातन धर्म की तारीफ करते हुए एरोल ने अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर जाने की भी इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह अपनी भारत यात्रा के दौरान भगवान राम के मंदिर जाकर दर्शन करना चाहते हैं।

भारत की जमकर की तारीफ

एरोल मस्क ने भारत की अर्थव्यवस्था और यहाँ के लोगों की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा, भारत एक स्लीपिंग जायंट है इसमें कोई संदेह नहीं है। अब भारत की जीडीपी दुनिया में चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है यह बिल्कुल अविश्वसनीय है। भारत एक विश्व शक्ति है।

उन्होंने भारतीय लोगों की सराहना करते हुए कहा, मैं आपको बताता हूँ कि यह शानदार क्यों है क्योंकि मुझे लगता है कि भारतीय लोग बहुत प्यार करने वाले लोग हैं। वे आक्रामक, मतलबी लोग नहीं हैं। वे ऐसे लोग हैं जो किसी व्यक्ति को गले लगाते हैं। इसलिए हम ऐसे लोगों को एक महत्वपूर्ण वैश्विक शक्ति बनने की स्थिति में देखना चाहते हैं।

 

यह भी पढ़ें: आंधी-बारिश का कहर: 7 लोगों की मौत, पेड़ गिरने से हुए दर्दनाक हादसे, इस जिले में पसरा मातम

 

एरोल ने अपने बेटे एलन मस्क को भी भारत यात्रा करने की सलाह दी है।

दुनिया का इतिहास भारत से जुड़ा

भारत की संस्कृति, विरासत और आध्यात्मिकता पर बात करते हुए एरोल ने कहा, दुनिया का इतिहास वास्तव में किसी बिंदु पर भारत से जुड़ा हुआ है। हम जानते हैं कि भारत में वेद और इसी तरह के अन्य ग्रंथ हैं जो 14,000 साल पुराने हैं और शायद उससे भी पहले के हैं। कुछ वेदों में उड़ने वाले वाहनों के बारे में भी बताया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने एक किताब लिखी है जिसमें भारत, कश्मीर, दिल्ली आदि के बारे में बहुत सारी कहानियाँ शामिल हैं।

एरोल मस्क की यह यात्रा और उनके विचार निश्चित रूप से भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान और सांस्कृतिक प्रभाव को रेखांकित करते हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News