कार सर्विस कराने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, वरना बाद में हो सकता है बड़ा नुकसान

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 06:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हर कार मालिक चाहता है कि उसकी गाड़ी सही समय पर सही तरह से सर्विस हो और बीच रास्ते में कोई समस्या न आए। लेकिन कई बार सर्विस के पूरे पैसे देने के बावजूद भी कार की सही तरीके से जांच या रिपेयर नहीं होती। ऐसे में सावधानी रखना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ आसान कदम अपनाकर आप अपनी कार की सही सर्विस सुनिश्चित कर सकते हैं और अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं।

कार की समस्याओं को पहले से नोट करें
सर्विस सेंटर जाने से पहले अपनी कार में मौजूद किसी भी समस्या को नोट कर लें। जैसे अगर ब्रेक ठीक से काम नहीं कर रहा, इंजन से आवाज आ रही है या किसी और हिस्से में गड़बड़ी है, तो उसे लिख लें। जब आप गाड़ी मैकेनिक को देंगे, तो इन्हें पूरी जानकारी दें। इससे मैकेनिक को पता रहेगा कि किन हिस्सों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है और कार की सही तरह से सर्विस हो सकेगी।


सर्विस के दौरान नजर रखें
अक्सर लोग अपनी कार सर्विस के लिए देते समय वहां से चले जाते हैं या आराम करते हैं। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि बीच-बीच में जाकर अपनी गाड़ी की जांच करना और मैकेनिक को समस्याओं की याद दिलाना कार की बेहतर सर्विस सुनिश्चित करता है। इस तरह कार की हर छोटी-सी छोटी रिपेयर सही ढंग से की जा सकती है।


पार्ट्स और ऑयल की जानकारी लें
सर्विस के दौरान अगर कोई पार्ट या ऑयल बदला जा रहा है, तो उसके बारे में जानकारी जरूर लें। मैकेनिक से पूछें कि कौन-सी कंपनी का पार्ट इस्तेमाल हो रहा है और कौन-सा ऑयल डाला जा रहा है। इससे आप यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि कार में सस्ते या नकली पार्ट्स नहीं लगाए जा रहे हैं और उसकी गुणवत्ता अच्छी है।


बिल को ध्यान से चेक करें
सर्विस के बाद जब बिल दिया जाए, उसे ध्यान से पढ़ें। कई बार लोगों की जल्दबाजी का फायदा उठाकर बिल में गलत हिसाब या अतिरिक्त चार्ज जोड़ दिए जाते हैं। बिल को पूरी तरह जांचने के बाद ही भुगतान करें, ताकि आपकी जेब पर अनावश्यक बोझ न पड़े।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News