चांद पर उतरने वाले दूसरे व्यक्ति हैं बज एल्ड्रीन, नील आर्मस्ट्रांग के साथ गए थे मिशन पर...93 की उम्र में की चौथी शादी
punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2023 - 09:30 AM (IST)

नेशनल डेस्क: चांद पर उतरने वाले दूसरे व्यक्ति एडविन बज़ एल्ड्रिन ने अपने 93वें जन्मदिन पर शादी की है। यह उनकी चौथी शादी है। दुल्हन 63 वर्षीय एंका फौर हैं। एल्ड्रीन ने कहा कि डॉ. एंका लंबे समय से मेरी दोस्त हैं और मैंने अपने 3वें जन्मदिन पर उनसे शादी का फैसला किया।
शादी लॉस एंजिल्स में एक छोटे और निजी समारोह में हुई। दुल्हन एंका मौजूदा समय में बज एल्ड्रीन के वैंचर LLC में एक्जिक्यूटिव वाइस प्रैजीडैंट हैं। वह इस कंपनी के साथ 2019 से हैं। पीट्सबर्ग यूनिवर्सिटी से वह रसायन शास्त्र में Ph.D हैं।
1969 में गए थे चांद पर
नील आर्मस्ट्रांग के साथ एल्ड्रीन 16 जुलाई 1969 को चांद के मिशन पर रवाना हुए थे। उनके तीसरे साथी माइकल कोलिन्स थे। चांद पर उतरकर एल्ड्रीन ने ही अमरीकी झंडे को सैल्यूट किया था। वह उनकी पहचान बन गया। इस चंद्र मिशन का नाम अपोलो-11 था। 1971 में वह नासा से सेवानिवृत्त हुए। 1988 में उन्होंने अपना संगठन शेयर स्पेस फाऊंडेशन बनाया।
एल्ड्रीन की चार शादियां
एल्ड्रीन ने 1954 में जॉन एन आर्चर से, 1975 में बेवर्ली वान जिल से तथा 1988 में लुइस ड्रिग्स कैनन से शादी की थी। तीनों से उनका तलाक हो चुका है। उनका आखिरी तलाक कैनन से 2012 में हुआ था। पहली पत्नी से उनके 3 बच्चे हैं। वह नाती-पोतों वाले हैं।
2002 में लगा हमले का आरोप
वर्ष 2002 में एल्ड्रीन पर उस व्यक्ति को मुक्का मारने का आरोप लगा था, जिसने उनसे कहा था कि बाइबल की शपथ लेकर कहें कि वह चांद पर सचमुच उतरे थे। 2016 में बीमार पड़ने पर उन्हें दक्षिण ध्रुव से निकाला गया था।