नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ मामले में DRM का हुआ तबादला, 18 लोगों की गई थी जान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 04, 2025 - 08:12 PM (IST)

नई दिल्ली: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत की घटना के एक पखवाड़े बाद मंगलवार को दिल्ली के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुखविंदर सिंह का तबादला कर दिया गया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।

सिंह को जुलाई 2023 में दिल्ली मंडल का डीआरएम नियुक्त किया गया था और उनका दो साल का कार्यकाल इस साल के अंत तक था। रेल मंत्रालय द्वारा जारी तबादला आदेश में कहा गया है कि उत्तर मध्य रेलवे से पुष्पेश आर त्रिपाठी को दिल्ली का डीआरएम बनाया गया है। हालांकि, आदेश में सिंह की नयी तैनाती के बारे में कुछ नहीं कहा गया है।

आदेश में कहा गया, ‘‘रेल मंत्रालय ने राष्ट्रपति की मंजूरी से निर्णय लिया है कि उत्तर मध्य रेलवे से पुष्पेश आर त्रिपाठी को स्थानांतरित कर सुखविंदर सिंह की जगह डीआरएम/दिल्ली/उत्तर रेलवे के पद पर नियुक्त किया जाता है। सिंह के लिए आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।'' रेलवे अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया कि सिंह का तबादला 15 फरवरी को नयी दिल्ली स्टेशन पर हुई भगदड़ के मामले से जुड़ा है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि इस घटना के कारण उनकी नई तैनाती को आगे बढ़ा दिया गया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News