Drug Smuggling: काली प्लास्टिक और चादरों में छिपी 11 करोड़ की मेथ, ट्रेन में दो महिलाएं गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 02:50 PM (IST)
Drug Smuggling: राजस्व आसूचना निदेशालय ( DRI) ने मंगलवार को कहा कि उसने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर 11.4 करोड़ रुपये मूल्य की 11.4 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ जब्त की है और इस संबंध में दो महिला यात्रियों को गिरफ्तार किया है।
DRI ने एक विज्ञप्ति में बताया कि अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को एक अभियान में 11.4 किलोग्राम एम्फेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) जब्त की और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उसने कहा कि इस अभियान से संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों को झटका लगा है और नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप को लोगों, खासतौर पर युवाओं तक पहुंचने और उनकी जान खतरे में डालने से रोकने में सफलता मिली है। अधिकारियों ने इस संबंध में सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर दो भारतीय महिला नागरिकों को रोका जो ट्रेन से यात्रा कर रही थीं।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक ट्रॉली बैग मिला, जिसमें 10 पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट छिपाकर रखे गए थे। जांच में पाया गया कि इन पैकेट्स में सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ भरा हुआ था। तस्करों ने इसे छिपाने के लिए बेहद चालाकी दिखाई थी - पहले काले पॉलीथीन में लपेटा, फिर डिजाइनर पेपर से ढका और आखिर में बेडशीट की तहों में छिपाकर बैग में रखा गया, ताकि किसी को शक न हो। अधिकारियों ने कहा कि जांच करने पर यह तत्व क्रिस्टल मेथ होने की पुष्टि हुई।
जानकारी के अनुसार, डीआरआई को पहले ही इनपुट मिल चुका था कि ट्रेन के जरिए बड़ी मात्रा में ड्रग्स की खेप लाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने Secunderabad Railway Station पर निगरानी शुरू की। जैसे ही दोनों महिलाएं ट्रेन से उतरीं, अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ शुरू की।
मौके पर ही अधिकारियों ने फील्ड ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की, जिसमें यह पदार्थ एम्फेटामिन (क्रिस्टल मेथ) निकला। करीब 11,400 ग्राम ड्रग्स को Narcotic Drugs & Psychotropic Substances Act 1985 के तहत जब्त कर लिया गया। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
