North India Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2026 - 11:27 PM (IST)
नेशनल डेस्कः उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। कहीं भारी बर्फबारी तो कहीं बारिश, कोहरा और ओले लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 31 जनवरी की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से पर पड़ेगा।
पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में बारिश
IMD की ताजा जानकारी के अनुसार 1 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है। 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पहाड़ों में बर्फबारी के चलते कई जगह सड़कों पर फिसलन, यातायात बाधित होने और पर्यटकों को परेशानी की आशंका है।
कोहरा और ओलों ने बढ़ाई परेशानी
पिछले 24 घंटों में घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। आगरा में दृश्यता (विजिबिलिटी) शून्य तक पहुंच गई। चंडीगढ़ में भी बेहद कम दृश्यता दर्ज की गई। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड और राजस्थान के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई, जिससे ठंड और फसलों को नुकसान बढ़ा है।
बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में दिख रहा है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा। कई राज्यों में 30 से 95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ गई। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी और सलाह
अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, ऐसे में वाहन चलाते समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में शीतलहर (कोल्ड वेव) चल सकती है। खराब मौसम और समुद्र में ऊंची लहरों को देखते हुए मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में न जाने की चेतावनी दी गई है।
