LPG Gas Booking: ग्रामीण इलाकों के लिए रसोई गैस बुकिंग के नियम बदले, अब इतने दिनों में मिलेगा दूसरा सिलिंडर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 09:57 AM (IST)

LPG Gas Booking: आगरा के रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलिंडर रिफिल कराने की समय सीमा में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है, जिससे अब शहर और गांव के बीच का अंतर खत्म हो गया है। प्रशासन ने यह कदम मुख्य रूप से गैस की कालाबाजारी पर लगाम लगाने और रिफिलिंग से जुड़ी धांधलियों को रोकने के उद्देश्य से उठाया है।

अब तक ग्रामीण इलाकों में रहने वाले आम उपभोक्ताओं को अपना अगला सिलिंडर बुक करने के लिए कम से कम 45 दिनों का लंबा इंतजार करना पड़ता था, जबकि शहरों में यह अवधि मात्र 25 दिन थी। पेट्रोलियम मंत्रालय के नए निर्देशों के बाद अब गांव के लोग भी शहरवासियों की तरह हर 25 दिन में अपने सिलिंडर की बुकिंग करा सकेंगे। आगरा जिले की सभी 84 एजेंसियों से जुड़े साढ़े तेरह लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं पर यह नया नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए नियमों को थोड़ा सख्त किया गया है। पहले इस योजना के तहत शहरी लाभार्थी 25 दिन में बुकिंग कर सकते थे, लेकिन अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उज्ज्वला कार्डधारकों के लिए बुकिंग का समय एक समान यानी 45 दिन तय कर दिया गया है। आंकड़े बताते हैं कि उज्ज्वला योजना के तहत सिलिंडर लेने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है, जिसे देखते हुए व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए यह फेरबदल जरूरी समझा गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News