घरेलू हवाई यात्री यातायात में साल-दर-साल 14.5% की वृद्धि, January में 150.3 लाख तक पहुंचा

punjabkesari.in Sunday, Feb 23, 2025 - 11:39 AM (IST)

नेशनल डेस्क। आईसीआरए की रिपोर्ट के अनुसार भारत में घरेलू हवाई यात्री यातायात ने जनवरी 2025 में अपनी वृद्धि की गति बनाए रखी। जनवरी में करीब 150.3 लाख यात्रियों ने घरेलू उड़ानों का सफर किया जो दिसंबर 2024 की तुलना में 0.7% अधिक और जनवरी 2024 की तुलना में 14.5% अधिक है। यह आंकड़ा जनवरी 2020 के पूर्व-कोविड स्तर से भी 17.9% अधिक है।

वित्त वर्ष 2025 के पहले 10 महीनों में वृद्धि

2025 के पहले 10 महीने (अप्रैल 2024 से जनवरी 2025) में घरेलू हवाई यातायात की कुल संख्या 1,372.1 लाख रही। यह 7.5% की वृद्धि और वित्तीय वर्ष 2020 की समान अवधि की तुलना में 13% की वृद्धि दर्शाता है।

अंतरराष्ट्रीय यातायात में भी बढ़ोतरी

भारतीय एयरलाइंस के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्री यातायात में भी मजबूत वृद्धि देखी गई। वित्तीय वर्ष 2025 के पहले नौ महीनों में अंतरराष्ट्रीय यातायात 248.9 लाख यात्रियों तक पहुंच गया जो 14.5% की साल-दर-साल वृद्धि और कोविड-पूर्व स्तर से 41.7% अधिक है।

 

यह भी पढ़ें: Good News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जारी करेंगे PM Kisan Yojana की 19वीं किस्त, जानिए कैसे मिलेगा लाभ?

 

एयरलाइन्स की क्षमता तैनाती

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि जनवरी 2024 की तुलना में जनवरी 2025 में एयरलाइन्स ने अपनी क्षमता तैनाती में 10.8% का विस्तार किया। हालांकि दिसंबर 2024 की तुलना में क्षमता में 1.2% की कमी आई।

यात्री भार कारक (PLF)

घरेलू विमानन क्षेत्र ने जनवरी 2025 में 92.1% का यात्री भार कारक (PLF) हासिल किया जो जनवरी 2024 में 89.2% और जनवरी 2020 में 85% था। इसका मतलब है कि जनवरी में विमानों में अधिक सीटें भरी गईं जिससे एयरलाइन्स को अधिक मुनाफा हुआ।

 

PunjabKesari

 

ईंधन की लागत में राहत

ईंधन की लागत जो एयरलाइनों के ऑपरेशनल खर्च का एक बड़ा हिस्सा है वित्तीय वर्ष के दौरान कुछ राहत देखी गई। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतें अप्रैल से जुलाई 2024 तक 5.3% अधिक रही लेकिन अगस्त 2024 से फरवरी 2025 तक इसमें 14.7% की गिरावट आई। रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2024 से फरवरी 2025 तक ATF की कीमतें पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.1% कम थीं।

वहीं भारत का घरेलू विमानन क्षेत्र अब कोविड-पूर्व के स्तर से भी आगे बढ़ चुका है और वृद्धि के रास्ते पर है। एयरलाइन्स ने अपनी क्षमता में भी बढ़ोतरी की है और यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। ईंधन की कीमतों में राहत मिलने से एयरलाइन्स को भी फायदा हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News