आराम की नींद सो रहा था परिवार, अचानक पहाड़ी से गिरने लगे पत्थर... कुत्तों ने बचाई जान
punjabkesari.in Tuesday, Sep 02, 2025 - 06:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो कुत्तों ने एक परिवार को लैंडस्लाइड के खतरे से बचाया। पड्डल वार्ड में हुई इस घटना में एक पालतू और एक गली के कुत्ते ने समय रहते परिवार को सतर्क कर दिया, जिससे वे सुरक्षित बाहर निकल पाए।
कुत्तों ने ऐसे किया अलर्ट
सोमवार रात करीब 8:30 बजे जब पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने लगा तो स्थानीय निवासी योगेश राणा के पालतू कुत्ते 'मौली' और गली के कुत्ते 'किट्टू' ने जोर-जोर से भौंकना शुरू कर दिया। लगातार भौंकने की आवाज सुनकर योगेश छत पर गए और उन्होंने देखा कि पहाड़ी से लैंडस्लाइड हो रही है। बिना समय गवाए उन्होंने पूरे परिवार को घर से बाहर निकाला और सभी को सुरक्षित जगह पर ले गए।
लैंडस्लाइड से कई घर खतरे में
योगेश ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनके घर के पीछे भूस्खलन हो रहा है, और दोनों कुत्ते लगातार भौंककर खतरे का संकेत दे रहे थे। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर गली के कुत्तों से बचते हैं, लेकिन इन्हीं कुत्तों ने उनकी जान बचाई। इस लैंडस्लाइड से पड्डल वार्ड के करीब आधा दर्जन घर खतरे में हैं। लोगों को रात अपने घरों से दूर बितानी पड़ी। इससे पहले 30 जून को भी धर्मपुर के स्याठी गांव में एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक को भौंककर जगाया था, जिससे पूरा परिवार एक बड़ी आपदा से बच गया था।