दिग्विजय सिंह ने शेयर किया पीएम मोदी के साथ फोटो राहुल गांधी ने ली चुटकी, बोले- आप बदमाशी कर गए
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 02:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क: कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर से अपने बयान को लेकर चर्चा में आए हैं। इस बार सामने आए बयान के कारण उन्होंने अपनी ही पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक से ठीक पहले दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी और RSS की 'संगठन शक्ति' की प्रशंसा कर दी, जिसके बाद पार्टी के अंदरूनी गलियारों में हलचल तेज हो गई।
क्या है पूरा मामला?
विवाद तब शुरू हुआ जब दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीएम मोदी की एक पुरानी तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में मोदी जमीन पर बैठे नजर आ रहे हैं और उनके पीछे लालकृष्ण आडवाणी कुर्सी पर बैठे हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने लिखा, "यह प्रभावशाली है कि कैसे एक जमीनी स्वयंसेवक फर्श पर बैठकर देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की शक्ति है।"

राहुल गांधी ने कसा तंज
सूत्रों के मुताबिक पार्टी के स्थापना दिवस पर जब राहुल गांधी की मुलाकात दिग्विजय सिंह से हुई, तो उन्होंने मजाकिया लेकिन तंज भरे लहजे में कहा,"आप अपना काम कर गए। आप बदमाशी कर गए।" राहुल का यह इशारा उस असहज स्थिति की ओर था जो दिग्विजय के पोस्ट से पैदा हुई थी।
बैठक में दिग्विजय ने दी सफाई
CWC की बैठक के दौरान भी दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस संगठन के विकेंद्रीकरण (Decentralization) पर जोर दिया। वहां भी उन्हें अन्य वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने टोकते हुए चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए कहा। बढ़ते विवाद को देख दिग्विजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा, "मैंने केवल संगठन की शक्ति की तारीफ की है। मैं आरएसएस और मोदी जी की नीतियों का घोर विरोधी था हूं और हमेशा रहूंगा। क्या संगठन को मजबूत करने की बात करना गलत है?"
