दिग्‍व‍िजय सिंह नहीं डाल पाए वोट, खेद जताकर बोले-अगली बार जरूर करूंगा मतदान

punjabkesari.in Sunday, May 12, 2019 - 08:58 PM (IST)

नेशनल डेस्कः लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में रविवार को सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान हुआ। इस दौरान मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ने भोपाल में अपना वोट डाला, जबकि उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रत्याशी एवं दिग्गज नेता दिग्विजय संह स्वंय के लिए इस सीट से वोट नहीं दे पाए, क्योंकि वह भोपाल लोकसभा सीट के मतदाता नहीं है।  

साध्वी प्रज्ञा ने आज सुबह यहां रेवेरा टाउन मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान करने के बाद प्रज्ञा ने मीडिया से कहा कि यह धर्म युद्ध है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा को पहले से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी और नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। प्रज्ञा वर्ष 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं।

दिग्विजय सिंह ने वोट न डालने पर खेद जताते हुए कहा कि मुझे दुख है कि मैं राजगढ़ में अपना वोट डालने नहीं जा पाया। अगली बार मैं अपना वोट भोपाल में ही रजिस्टर्ड करवा लूंगा। दिग्विजय ने पूरे दिन भोपाल के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का जायजा लिया। सिंह के एक करीबी ने बताया, ‘‘मतदाता सूची में दिग्विजय सिंह का नाम मध्यप्रदेश के राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उनके पैतृक कस्बे राघौगढ़ में पंजीबद्ध है। इसलिए वह स्वयं के लिए भोपाल लोकसभा सीट से वोट नहीं डाल पाएंगे।’’ 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News