Gold-Silver Price Today: 2 नवंबर को सोना हुआ सस्ता या महंगा? जानें 24K, 23K, 22K, 18K गोल्ड का लेटेस्ट रेट

punjabkesari.in Sunday, Nov 02, 2025 - 08:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत में सोना और चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव जारी है। निवेशक और आभूषण खरीदार दोनों के लिए यह जानना जरूरी है कि आज बाज़ार में इनकी दरें क्या हैं। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने का भाव बढ़कर ₹1,20,770 प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। वहीं, चांदी का रेट ₹1,49,125 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। क्योंकि शनिवार और रविवार को सर्राफा बाजार बंद रहते हैं, इसलिए 2 और 3 नवंबर को भी शुक्रवार का ही रेट मान्य रहेगा।

दिल्ली के सर्राफा बाजार में बढ़त
अखिल भारतीय सर्राफा संघ (AISC) के अनुसार, दिल्ली के बाजार में सोने की कीमत ₹1,25,600 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई, जो पिछले कारोबारी दिन की तुलना में ₹2,200 अधिक है। हालांकि चांदी में गिरावट देखी गई और इसका भाव घटकर ₹1,53,000 प्रति किलोग्राम रह गया।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर रुझान
वायदा बाजार यानी MCX में सोने के दिसंबर अनुबंध का भाव ₹218 या 0.18% गिरकर ₹1,21,290 प्रति 10 ग्राम हो गया। इसी तरह, चांदी दिसंबर अनुबंध में ₹410 या 0.28% की गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव ₹1,48,430 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना-चांदी के भाव
वैश्विक बाजार में कॉमेक्स पर दिसंबर अनुबंधों में सोना मामूली बढ़त के साथ $4,020.67 प्रति औंस पर पहुंचा, जबकि चांदी की कीमत $48.43 प्रति औंस तक गिर गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाजिर सोना 0.52% टूटकर $4,003.49 प्रति औंस पर और हाजिर चांदी 0.13% की बढ़त के साथ $48.97 प्रति औंस पर रही।

आज का सोने-चांदी का रेट (IBJA के अनुसार)
शुद्धता    सोने का भाव (₹/10 ग्राम)
24 कैरेट    ₹1,20,770
23 कैरेट    ₹1,20,286
22 कैरेट    ₹1,10,625
18 कैरेट    ₹90,578
14 कैरेट    ₹70,651


चांदी (999 शुद्धता): ₹1,49,125 प्रति किलोग्राम
पिछले दिन के मुकाबले बदलाव
गुरुवार को 99.9% शुद्धता वाला सोना ₹1,23,400 प्रति 10 ग्राम था, जबकि शुक्रवार को यह ₹2,200 बढ़कर ₹1,25,600 पर पहुंच गया। 99.5% शुद्धता वाला सोना भी ₹1,22,800 से बढ़कर ₹1,25,000 प्रति 10 ग्राम हुआ। चांदी की कीमत 2,000 रुपये घटकर ₹1,53,000 प्रति किलोग्राम रह गई।


विशेषज्ञों की राय
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सुमिल गांधी के मुताबिक, सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन सोने में तेजी की वजह रुपये की कमजोरी रही। वहीं, अमेरिका और चीन के बीच हालिया व्यापार वार्ता ने निवेशकों में अस्थिरता बढ़ाई है, जिससे सोने में ‘सुरक्षित निवेश’ की मांग एक बार फिर बढ़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News