धनबादः कांग्रेस नेता वैभव सिन्हा पर बदमाशों ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे
punjabkesari.in Thursday, Aug 23, 2018 - 06:40 PM (IST)

नेशनल डेस्कः धनबाद नगर कांग्रेस के अध्यक्ष वैभव सिन्हा पर अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में बाल-बाल बचे। धैया स्थित उनके कार्यालय पर पांच अपराधियों ने गोली चलाई। मौके पर मौजूद उनके समर्थकों ने हमलावरों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, हमलावर सिन्हा के रेस्टोरेंट टेस्ट ऑफ एशिया में खाना खाने पहुंचे थे। खाने में प्रतिबंधित मांस की मांग कर रहे थे और नहीं होने पर पिस्टल निकाल फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर हथियार पकड़े गए हैं। सभी झरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हमलावरों में शाहिद, रेहान, सोहेब, नाहिद, सद्दाम और एक अन्य हैं, जबकि अन्य पांच आरोपी मौके से फरार हो गए। इनकी एक कार JH 10 BF 2362 भी जब्त की गई है।
बता दें कि वैभव सिन्हा चर्चित मजदूर नेता बीपी सिन्हा के पोते हैं। सन् 1978 में उनकी हत्या कर दी गई थी। हत्या में झरिया के चर्चित विधायक सूरजदेव सिंह आरोपित हुए थे। गौरतलब है कि इससे मंगलवार को झारखंड विकास मोर्चा के युवा संगठन झारखंड विकास युवा मोर्चा के धनबाद जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में कुसुंडा रेलवे फाटक के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दो पल्सर पर सवार चार अपराधियों ने शाम करीब 6 बजे वारदात को अंजाम दिया। इस हत्या से पूरे कोयलांचल में सनसनी फैल गई है।
रंजीत सिंह ने मंगलवार की सुबह ही एसएसपी मनोज रत्न चौथे से मिलकर जान पर खतरे की मौखिक व लिखित जानकारी दी थी। बताया था कि गैंग्स ऑफ वासेपुर के नाम से उन्हें रंगदारी के लिए धमकी दी जा रही है। पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी भी मंगलवार को धनबाद में ही थे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में धनबाद में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई थी। इसके बाबजूद उनके कार्यकर्ता की हत्या हो गई।