JPSC प्रदर्शन के बीच देवेंद्र महतो की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराए गए भर्ती
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 09:39 PM (IST)
नेशनल डेस्क : झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले नौ दिन से अनशन कर रहे जेएलकेएम के नेता देवेंद्र नाथ महतो को सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों के मार्च में हिस्सा लेने के बाद तबीयत बिगड़ने पर यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि महतो की हालत गंभीर है और उनके रक्त में शर्करा का स्तर "बहुत तेजी से" नीचे गिर गया है। रांची सदर अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी नैन्सी प्रिया ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "आपातकालीन वार्ड में उनका इलाज किया जा रहा है।" अस्पताल में महतो के साथ मौजूद उनके सहयोगी पंकज कुमार ने दावा किया कि विधानसभा के पास पुलिस लाठीचार्ज के दौरान वह घायल हो गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को झारखंड विधानसभा के पास हुई झड़प में कई प्रदर्शनकारी और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों पर पुलिस ने पानी की बौछारें कीं, आंसू गैस छोड़ी और लाठीचार्ज किया।
