विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कई बड़ी परियोजनाओं का रोडमैप किया प्रस्तुत

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 04:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के तहत आयोजित एक विशाल जनसभा में दिल्ली सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बवाना विधानसभा क्षेत्र के विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि सरकार बवाना को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और यातायात सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई अहम प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

उन्होंने दरियापुर स्टेडियम और बवाना चौक तालाब के सौंदर्यीकरण, कुतुबगढ़ डिस्पेंसरी को मिनी अस्पताल में अपग्रेड करने, पूठ कला में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, दरियापुर-मूनक नहर पर एलिवेटेड रोड निर्माण, बवाना बाईपास, रिठाला से केएमपी तक बेहतर कनेक्टिविटी, अदिति कॉलेज के स्थायी भवन निर्माण और ग्रामीण गौशालाओं को सरकारी सहायता देने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मंत्री ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के लागू होने से बवाना क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही लाखों लोगों को बेहतर सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनहित और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से इन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ विकसित भारत-2047 और विकसित दिल्ली के विजन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जनसभा में मौजूद लोगों ने डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास कार्यों को और गति देने का संकल्प भी दोहराया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News