विदेशी लड़कियों का होली पर देसी अंदाज हुआ वायरल

punjabkesari.in Saturday, Mar 15, 2025 - 01:34 PM (IST)

नेशनल डेस्क: होली का त्यौहार पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुका है और इसे मनाने के लिए देश-विदेश से हजारों पर्यटक धार्मिक नगरी पुष्कर पहुंचते हैं। राजस्थान के पुष्कर में होली का जश्न दुनियाभर में मशहूर है। यहां की होली का रंग और मस्ती पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। इस बार भी पुष्कर की गलियां देसी और विदेशी सैलानियों से भर गईं। इस बार होली के मौके पर विदेशी पर्यटकों का उत्साह देखने लायक था। खासतौर पर विदेशी लड़कियों ने रंगों में सराबोर होकर जिस अंदाज में नृत्य किया, वह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। राजस्थानी ढोल-नगाड़ों की थाप पर उन्होंने देसी अंदाज में जमकर ठुमके लगाए। स्थानीय लोग भी इस नजारे को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए।

पुष्कर में देशी-विदेशी पर्यटकों की जबरदस्त भीड़

हर साल की तरह इस बार भी पुष्कर में होली के अवसर पर देशी और विदेशी पर्यटकों का सैलाब उमड़ा। शहर के बड़े होटल, गेस्ट हाउस, रिजॉर्ट्स और धर्मशालाएं पूरी तरह से भर गए। मुख्य बाजार और गलियों में चहल-पहल देखते ही बन रही थी। सड़कों पर हर ओर रंगों की बरसात हो रही थी और लोगों में होली का जुनून चरम पर था।

ला बेला होली मंडल का सतरंगी महोत्सव बना आकर्षण का केंद्र

पुष्कर में होली के अवसर पर ला बेला होली मंडल द्वारा आयोजित सतरंगी महोत्सव में हजारों देशी और विदेशी सैलानियों ने भाग लिया। वराह चौक पर इस महोत्सव के दौरान राजस्थानी ढोल वादक आरुष एंड पार्टी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से माहौल को और भी शानदार बना दिया।

राजस्थानी संगीत पर झूमे विदेशी सैलानी

कार्यक्रम के दौरान जब कलाकारों ने राजस्थानी धुनें बजानी शुरू कीं, तो वहां मौजूद हर कोई झूमने लगा। विदेशी लड़कियों ने खासतौर पर इस संगीत पर पारंपरिक अंदाज में डांस किया, जिसे देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। देसी-विदेशी लोगों के इस मिलन ने पुष्कर की होली को और भी खास बना दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

होली के इस खास मौके पर विदेशी सैलानियों का देसी अंदाज कैमरे में कैद हो गया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। यह नजारा इस बात को साबित करता है कि पुष्कर की होली सच में अनोखी और बेमिसाल होती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News