दिल्ली में कोहरे का कोहराम: 150 से ज्यादा उड़ानें लेट, ट्रेनों की थमी रफ्तार; यात्रा से पहले जरूर पढ़ें यह अपडेट

punjabkesari.in Sunday, Dec 28, 2025 - 12:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली में रविवार सुबह घने कोहरे और अत्यधिक प्रदूषित हवा के कारण दृश्यता बेहद खराब दर्ज की गई, जिसका सीधा असर रेल और हवाई यातायात पर पड़ा। खराब विजिबिलिटी के चलते राजधानी का परिवहन तंत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 150 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई। कम दृश्यता के कारण टेक-ऑफ और लैंडिंग, दोनों ही प्रक्रियाओं में विमानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, जैसे-जैसे सुबह बढ़ी, विजिबिलिटी में धीरे-धीरे सुधार हुआ और एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन भी सामान्य होने लगा।

विजिबिलिटी में हो रहा सुधार
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने सुबह 9 बजे यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि एयरपोर्ट पर दृश्यता में सुधार हो रहा है और फिलहाल सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं। यात्रियों से अपील की गई कि वे अपनी उड़ानों की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क बनाए रखें। इससे पहले सुबह 8 बजे भी एयरपोर्ट की ओर से एक एडवाइजरी जारी कर विजिबिलिटी में सुधार होने की जानकारी दी गई थी।

रेल यातायात भी रहा प्रभावित
घने कोहरे और प्रदूषण के चलते सिर्फ हवाई सेवाएं ही नहीं, बल्कि रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें तय समय से देरी से पहुंचीं। वहीं, दिल्ली से रवाना होने वाली कई ट्रेनों के संचालन में भी देरी देखने को मिली। खराब दृश्यता के कारण रेल सेवाओं की गति प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

हवा की गुणवत्ता बेहद खराब
रविवार सुबह दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। राजधानी में AQI 392 रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शहर के 19 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें आनंद विहार में स्थिति सबसे खराब रही, जहां AQI 444 तक पहुंच गया।

तापमान और मौसम का हाल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। सुबह 8:30 बजे तक आर्द्रता का स्तर 71 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि दिन के दौरान अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके साथ ही आसमान के मुख्यतः साफ रहने का अनुमान जताया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News