तेज रफ्तार ने छीनी 7 जिंदगियां, असम में दो सड़क हादसों से हड़कंप

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 06:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क : असम के सोनितपुर और विश्वनाथ जिले में शनिवार को सड़क दुर्घटना की दो अलग अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोनितपुर में रंगापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीपारा में एक पेट्रोल पंप के पास कार और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि एक अन्य हादसे में विश्वनाथ जिले के बेहाली इलाके के पास कछमारी में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के पेड़ से टकराने से दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा, ''बालीपारा में हुए हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए सभी लोग कार में सवार थे।''

अधिकारी ने बताया कि मरने वालों की पहचान हर गोविंद हजोआरी, नयन स्वर्गियारी, पप्पू बोरा, प्रांजल बनिया और संजय मेच के रूप में हुई है, जो जिले के घोरामारी बाटाबारी इलाके के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। विश्वनाथ जिले में हुए हादसे में मारे गए दो लोगों की पहचान रूपम दास और गजेंद्र मलाह के तौर पर हुई। अधिकारी ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News