Delhi: स्कूल में किताबें नहीं लाने पर बच्ची की धूप में खड़ा करने से हुई मौत, टीचर का ट्रांसफर
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 07:35 AM (IST)
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने पूर्वी विनोद नगर के एक सरकारी स्कूल में 10 साल छात्रा की मौत के मामले में जांच पूरी होने तक एक शिक्षिका का सोमवार को तबादला कर दिया। छात्रा के परिवार का आरोप है कि स्कूल में किताब नहीं लाने पर सजा के तौर पर उसे धूप में खड़ा किया गया था। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण का आदेश दिया गया है।
सूद ने कहा, "पूर्वी विनोद नगर के एक स्कूल में एक छात्रा की दुखद मौत की जांच चल रही है। जांच पूरी होने तक, संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जांच निष्पक्ष और बिना किसी हस्तक्षेप के हो।"
लड़की के परिवार ने आरोप लगाया है कि स्कूल में किताब नहीं लाने पर एक शिक्षिका ने उसे धूप में खड़ा कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 27 अगस्त को सर्वोदय कन्या विद्यालय में हुई। परिवार के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर स्कूल ने लड़की की मां अंजलि को बुलाया। अंजलि ने आरोप लगाया कि स्कूल पहुंचने पर उसने अपनी बेटी को धूप में खड़ा पाया और उसकी हालत खराब थी।
Delhi: A 10-year-old student of a Sarvodaya Kanya Vidyalaya in East Vinod Nagar died during treatment, with her family alleging that she was tortured and punished by a teacher for not bringing a book. The family claimed she was made to stand in the sun and later fell ill.… pic.twitter.com/KBz6fHETMX
— IANS (@ians_india) August 31, 2026
परिवार का आरोप है कि किताब न लाने पर शिक्षिका ने बच्ची को सजा दी थी। सूत्र ने बताया कि बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 27 अगस्त को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद, परिवार के सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे और कहा कि जांच की जाएगी और दोषी स्कूल कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्र ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है।
