दिल्ली: बर्थडे पार्टी में कई राउंड फायरिंग, चेहरे पर गोली लगने से शख्स की हालत गंभीर

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2023 - 04:04 PM (IST)

 

नेशनल डेस्क: दक्षिण दिल्ली के जौनापुर गांव में जन्मदिन समारोह के दौरान जश्न के तौर पर गोलियां चलाने और एक व्यक्ति को घायल करने के आरोप में 34 वर्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी की पहचान रणपाल उर्फ ‘शूटर' के रूप में की गयी है। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बारे में शुक्रवार शाम आठ बजकर 24 मिनट पर सूचना मिली।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में प्रमोद (37) नामक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घर में जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया था जबकि कुछ लोग छत पर शराब पी रहे थे। अधिकारी ने बताया कि प्रमोद ने अपने बयान में कहा कि आरोपी द्वारा हर्ष फायरिंग के दौरान एक गोली उसके चेहरे पर लगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायल को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया और उसका उपचार हो रहा है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने बताया कि आरोपी को रानी बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गयी है। पुलिस ने बताया कि रणपाल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र कानून के तहत एक मामला फतेहपुर बेरी पुलिस थाने में दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ इसी पुलिस थाने में चार मामले दर्ज पाये गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News