दिल्ली: संजय सिंह ने ऑटो रिक्शा का किराया बढ़ाए जाने पर दिया ये बयान, बीजेपी पर साधा निशाना

punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2020 - 10:24 PM (IST)

नेशनल डेस्कः आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने पार्टी मुख्यालय में कहा कि दिल्ली के ऑटो रिक्शा वालों की एक बहुत पुरानी मांग थी कि किराया बढ़ाया जाए, क्योंकि जो किराया था वह अपर्याप्त था, उससे उनको मुनाफा नहीं होता था, उनको परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

संजय सिंह ने कहा कि ऑटो रिक्शा वालों का एक बड़ा समर्थन हमेशा आम आदमी पार्टी के साथ रहा है और भारतीय जनता पार्टी हमेशा ऑटो रिक्शा वालों के विरोध में खड़ी रही है। ऑटो वालों का किस प्रकार से नुकसान किया जा सकता है, भाजपा हमेशा इस बात की कोशिश में लगी रही है। आज फिर से वही गंदी राजनीति का खेल भारतीय जनता पार्टी ने किया। हमारे कई फैसलों पर कोर्ट में जाकर रोक लगवाने की राजनीति भारतीय जनता पार्टी करती रही है और आज उसी प्रकार से ऑटो वालों का जो किराया बढ़ाया गया था, उस पर रोक लगवाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है।

संजय सिंह ने कहा, 'मैं दिल्ली के ऑटो रिक्शा वाले भाइयों से कहना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी पर विश्वास रखिए, अरविंद केजरीवाल पर विश्वास रखिए। दिल्ली में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है, सरकार बनने के एक हफ्ते बाद ही दोबारा से ऑटो रिक्शा वालों का किराया बढ़ाया जाएगा। आपको निराश और हताश होने की जरूरत नहीं है, बीजेपी की इस गंदी राजनीति को हम लोग कामयाब नहीं होने देंगे।

संजय सिंह ने ऑटो रिक्शा वालों से अपील करते हुए कहा, 'कल जब आप वोट देने जाएंगे तो भारतीय जनता पार्टी के इस जुल्म को याद रखना। याद रखिएगा कि किस तरह से भाजपा हर बार आपका नुकसान कराने का काम करती रही है, दिल्ली में ऑटो वालों का 10-10 हजार तक का चालान कराने का काम भाजपा ने किया है, किस प्रकार से भाजपा हमेशा ऑटो वालों के विरोध में काम करती रही है।

संजय सिंह ने कहा, 'मैं फिर से एक बार ऑटो रिक्शा वालों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही 1 हफ्ते के भीतर ऑटो का किराया बढ़ाया जाएगा। कल जब आप लोग वोट देने जाएंगे, तो अपने वोट की ताकत से आम आदमी पार्टी को जिताइए और अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाइए। सरकार बनने के पश्चात सुनिश्चित रूप से आपकी मांगें पूरी की जाएंगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News