Delhi Air Quality: जुलाई में अच्छा रहा दिल्ली का AQI, 6 साल बाद लोगों ने साफ हवा में ली खुलकर सांस

punjabkesari.in Monday, Aug 01, 2022 - 10:52 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में अतिरिक्त वर्षा होने के कारण इस महीने 24 दिन वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई, जिससे यह शहर के लिए 2015 के बाद से सबसे स्वच्छ वायु वाला महीना बन गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने 2015 से एक्यूआई आंकड़ा जुटाना शुरू किया था। इस साल जुलाई में औसत AQI 87 रहा। इससे पहले जुलाई 2020 में AQI 84 रहा था, जब शहर में कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए सख्त लॉकडाउन लगाए जाने के कारण प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गयी थी। दिल्ली में जुलाई 2020 में 25 ‘संतोषजनक', चार ‘मध्यम' और दो ‘खराब' वायु गुणवत्ता वाले दिन दर्ज किए गए थे।

 

गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा', 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक', 101 से 200 को ‘मध्यम', 201 से 300 को ‘खराब', 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब' तथा 401 से 500 के बीच AQI को ‘गंभीर' माना जाता है। राष्ट्रीय राजधानी में इस जुलाई में एक भी दिन खराब, बहुत खराब या गंभीर वायु गुणवत्ता दर्ज नहीं की गई। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, शहर में 2021 में 100, 2019 में 134, 2018 में 104, 2017 में 100, 2016 में 144 और 2015 में 138 एक्यूआई दर्ज किया गया।

 

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने इस महीने 19 दिन वर्षा दर्ज की, जो कम से कम एक दशक में सर्वाधिक है। दिल्ली में अतिरिक्त बारिश के कारण इस महीने अधिकतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। औसतन अधिकतम तापमान 35.36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2017 के बाद से सबसे कम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News