Delhi Rainfall: दिल्ली में 2007 के बाद इस साल हुई सबसे ज्यादा बारिश, 10 डिग्री तक लुढ़का पारा

punjabkesari.in Sunday, Oct 09, 2022 - 04:16 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी में बीते 24 घंटे में सुबह साढ़े आठ बजे तक 74 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 2007 के बाद से इस अवधि की दूसरी सर्वाधिक बारिश है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। राजधानी में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 74 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री नीचे पहुंच गया, जिसके कारण दिन-रात के तापमान के बीच का अंतर रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। IMD के आंकड़े के मुताबिक, दिल्ली में मौजूदा बारिश मानसून की बारिश नहीं है। मानसून सामान्य 653.6 मिमी के मुकाबले 516.9 मिमी बारिश दर्ज कराने के बाद राजधानी से 29 सितंबर को लौट गई थी।

 

IMD के अनुसार, क्षेत्र में मानसून के बाद बारिश का कारण एक पश्चिमी विक्षोभ माना जाता है, जो निचले स्तर पर पुरवाई हवाओं के साथ मध्य और ऊपरी वायुमंडल में कम हवा के दबाव के कारण बनता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, पुरवाई हवाएं नमी के लिए काफी हद तक जिम्मेदार हैं, जो बारिश का कारण बनती हैं। यह गुजरात और पूर्वी राजस्थान में अरब सागर से, उत्तराखंड तक दिल्ली क्षेत्र को पार करते हुए अपने पैर पसारती हैं। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार दूसरे दिन लगातार बारिश से रविवार को हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ और यह ‘संतोषजनक' श्रेणी में पहुंच गई।

 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 54 था, जो ‘अच्छी' श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस के बीच का अंतर 2.6 डिग्री सेल्सियस था, जो 1969 के बाद दर्ज किया गया सबसे कम अंतर है।  IMD ने कहा, इससे पहले, इस तरह का सबसे कम अंतर 19 अक्टूबर 1998 को 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे हवा में सापेक्षिक आर्द्रता 100 फीसदी दर्ज की गई। राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में पिछले 24 घंटों में 74.3 मिलीमीटर बारिश हुई।

 

पालम वेधशाला ने 64.9 मिमी बारिश दर्ज की। आईएमडी के मुताबिक, लोधी रोड, रिज और आयानगर मौसम केंद्रों में क्रमशः 87.2 मिमी, 60.1 मिमी और 85.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। गौरतलब है कि 15 मिमी से कम वर्षा को 'हल्का' माना जाता है। इसके ऊपर और 64.5 मिमी के बीच 'मध्यम', 64.5 मिमी और 115.5 मिमी के बीच 'भारी' और 115.6 मिमी और 204.4 मिमी से ऊपर को 'अत्यंत भारी' वर्षा माना जाता है। IMD ने रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ने तथा आसमान में सामान्य रूप से बादल छाये रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News