आस्था की आड़ में सेक्स का खेल, इन बाबाओं से भगवान बचाए
punjabkesari.in Saturday, Dec 23, 2017 - 02:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी में बाबाओं का मायाजाल फैला हुआ है उससे न सिर्फ राजधानीवासी बल्कि सुरक्षा एजेंसियां भी हतप्रभ हैं। दिल्ली के कई बड़े बाबाओं पर बलात्कार, ठगी, उगाही जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हैं। इनमें रजनीश ग्रोवर, इच्छाधारी बाबा, भीमानंद के अलावा, सोने के आभूषणों वाले बाबा, बापू आसाराम के साथ ही डेरा प्रमुख राम रहीम के बाद विरेंद्र दीक्षित का नाम भी इस काली सूची में जुड़ गया है। इन बाबाओं पर लाखों लोग आंख मूंद कर अंधा विश्वास करते थे। इनके अलावा भी राजधानी में ऐसे बाबाओं की भरमार है जो जादू-टोना, तंत्र-मंत्र के नाम पर गली मोहल्लों में अपना गोरखधंधा चला रहे हैं।
आस्था की आड़ में सेक्स का खेल
इच्छाधारी बाबा भीमानंद नागों के साथ घूमने और नागिन डांस को लेकर हमेशा चर्चा में रहता था। 2010 में इसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाबा हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाता था। उसके सेक्स रैकेट में करीब 500 से अधिक हाई प्रोफाइल लड़कियां हुआ करती थीं। सेक्स रैकेट के धंधे से बाबा करीब 20 करोड़ का मालिक बताया था।
फंसते रहे हैं बाबा
25 अगस्त 2017
पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कार केस में दोषी करार दिया। 28 अगस्त, 2017 को 20 साल जेल व 30 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। सीबीआई की विशेष अदालत ने डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को उनके खिलाफ दो बलात्कार के मामलों में 20 साल की जेल की सजा दी।
2017 अप्रैल
बेगमपुर में झांसा देकर जूलरी ठगने के बाद महिला से शारिरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर तांत्रिक जूलरी लेकर हुआ फरार।
2017 जुलाई
मंगोलपुरी में जादू-टोना करने के शक में सफाईकर्मी को गोली मारी।
2016 मार्च
पालम में एक महिला ने तांत्रिक बाबा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। आरोप था कि घर में आत्मा का साया बता कर तांत्रिक बाबा ने पूजा-पाठ के बहाने महिला के घर में वारदात की।
2015 अप्रैल
कल्याणपुरी में झाड़-फूंक के बहाने तांत्रिक ने लड़की से रेप किया।
2015 अगस्त
सीआर पार्क में तलाकशुदा महिला आधी रात को चार लोगों के साथ कार से अलीपुर स्थित यमुना किनारे बसे तिगरीपुर गांव के श्मशान घाट पहुंची। तांत्रिक के कहने पर दो बकरों की बलि दी। वहीं, चिता पर मांस पकाया और खाने की कोशिश की। इस बीच गांव वालों को भनक पड़ गई। पुलिस बुलानी पड़ी।
2015 अगस्त
दरियागंज थाना इलाके में कनाडा से पिता की वापसी करवाने का दावा कर एक हाई प्रोफाइल महिला से तांत्रिक ने पहले ठगी की, फिर सेक्स के लिए दबाव बनाया। थाना दरियागंज में दर्ज केस में तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया था। महिला समाचार पत्र में तांत्रिक के विज्ञापन देखकर संपर्क में आई थी। तांत्रिक ने दरियागंज ऑफिस बुलाया। बलि देने के लिए रकम मांगी गोल्ड जूलरी भी ऐंठ ली। शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी कहा।
2015 नवंबर
नरेला में एक महिला से तांत्रिक ने रेप किया, जिसे गिरफ्तार किया गया। महिला की बेटी दो साल से लापता थी। तांत्रिक से संपर्क के बाद उसे पांच शनिवार तक लगातार उसके पास आने के लिए कहा। एक दिन घर में अकेले तांत्रिक ने भूत-प्रेत का डर दिखाकर रेप कर दिया।
2013 जनवरी
हौज काजी में तांत्रिक गिरफ्तार हुआ। घर में पति की आत्मा भटकने की बात कह कर महिला से लाखों रुपए ठग लिए थे।
2012 मई
बापू आसाराम के देशभर में 450 से अधिक छोटे-बड़े आश्रम थे वशिष्यों की संख्या करोड़ों में थी। उनके आश्रम द्वारा अतिक्रमण, 2012 दिल्ली दुष्कर्म पर टिप्पणी , एवं 2013 में नाबालिग लड़की का यौन शोषण। उन पर लगे आरोपों की आंच उनके बेटे नारायण साईं तक भी पहुंची। फिलहाल आसाराम जोधपुर जेल की सलाखों के पीछे कैद है।