नए साल की पहली सुबह भी जहरीली हवा, दिल्ली-NCR में AQI 400 के पार, IMD ने दी बारिश की चेतावनी
punjabkesari.in Thursday, Jan 01, 2026 - 10:53 AM (IST)
Weather Alert : साल 2026 का आगाज़ दिल्ली और नोएडा वासियों के लिए कड़ाके की ठंड और प्रदूषण के साथ हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने आज नए साल के पहले दिन राजधानी में हल्की बारिश की संभावना जताई है जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण आने वाले घंटों में ठिठुरन और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं।
प्रदूषण का रेड ज़ोन: सांस लेना हुआ दूभर
नए साल के जश्न के बीच दिल्ली की हवा 'बेहद खराब' श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 372 दर्ज किया गया जबकि कई इलाके 400 के पार (गंभीर श्रेणी) पहुंच चुके हैं:
| इलाका | AQI स्तर | श्रेणी |
| सोनिया विहार | 423 | गंभीर |
| आनंद विहार | 421 | गंभीर |
| मुंडका | 413 | गंभीर |
| रोहिणी | 414 | गंभीर |
| जहांगीरपुरी | 412 | गंभीर |
ठिठुरन भरी शुरुआत: 6 साल का रिकॉर्ड टूटा
बीता साल 2025 जाते-जाते दिल्ली को पिछले 6 सालों का सबसे ठंडा दिन दे गया। कल अधिकतम तापमान महज 14.2°C रहा जो सामान्य से काफी कम है। न्यूनतम तापमान 6.4°C दर्ज किया गया। आसमान में स्मॉग और कोहरे की गहरी चादर छाई हुई है। आज भी सूर्यदेव के दर्शन होने की संभावना न के बराबर है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में इस समय कई मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं:
-
पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance): उत्तरी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर एक सक्रिय सिस्टम बना हुआ है।
-
साइक्लोनिक सर्कुलेशन: उत्तरी हरियाणा के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है।
-
जेट स्ट्रीम: पंजाब के ऊपर 150 समुद्री मील की रफ़्तार वाली बर्फीली हवाएं चल रही हैं जिससे अगले 3 दिन (आज से 3 जनवरी तक) रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
इसके बाद 6 जनवरी तक दिल्ली-NCR को घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।


