9 महीने बाद अरविंदर सिंह लवली की फिर हुई 'घर वापसी'

punjabkesari.in Saturday, Feb 17, 2018 - 04:02 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर 9 महीने बाद आज फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। चार बार विधायक रहे लवली ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन, पार्टी के प्रदेश प्रभारी महासचिव पीसी चाको, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा वरिष्ठ नेता हारुन यूसुफ की मौजूदगी में कांग्रेस में लौटने की घोषणा की।  

भाजपा में शामिल होने का निर्णय गलत
लवली ने इस मौके पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा Þकांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना मेरे लिए अच्छा निर्णय नहीं था। मैं तब भी अपने निर्णय से खुश नहीं था लेकिन बाद में माकन से बातचीत हुई और गलत फहमियां दूर की गयीं। मैं अपनी पार्टी में लौट रहा हूं। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस में पले-बढ़े है और इस पार्टी के सिपाही रहे हैं।  माकन ने स्वीकार किया कि लवली और उनके बीच संवाद की कमी की कारण दूरी आई थी जिसके कारण लवली को पार्टी छोडऩी पड़ी थी लेकिन अब यह संवाद ठीक हो गया है। लवली को साथ लेकर पार्टी की मजबूती के लिए सब मिलकर काम करेंगे। कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा से पहले लवली, माकन,चाको सहित कई अन्य नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। गांधी के आवास से लौटने के बाद पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में लवली की पार्टी में वापसी की घोषणा की गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News