Delhi Pollution: दमघोंटू हुई दिल्ली-NCR की हवा, नरेला में AQI 571...सुधार के अभी कोई आसार नहीं
punjabkesari.in Tuesday, Nov 01, 2022 - 11:06 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में वायु गुणवत्ता मंगलवार सुबह और खराब हो गई तथा वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर' श्रेणी में रहा। दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक सोमवार रात आठ बजे 361 (बहुत खराब) था। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ‘समीर' ऐप पर साझा किए गए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर AQI 426 रहा। शहर में न्यूनतम तापमान मंगलवार को 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है।
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) के आंकड़ों के अनुसार, नोएडा ने 444 का AQI दर्ज किया और 'बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी में फिसल गया, जबकि गुरुग्राम का AQI 391 पर रहा और 'बहुत खराब' श्रेणी में बना रहा। शहरों में हवा की गुणवत्ता में पिछले दिन की तुलना में कोई सुधार नहीं दिखा।
2 नवंबर से गुड़गांव के 'गंभीर' श्रेणी में खिसकने का अनुमान है। नोएडा की वायु गुणवत्ता में भी और गिरावट आने की संभावना है। उत्तर पश्चिम दिल्ली में नरेला ने उच्चतम AQI 571 दर्ज किया। उत्तरी दिल्ली की वायु गुणवत्ता इस समय सबसे खराब है क्योंकि लगभग सभी स्टेशनों में AQI 400 से ऊपर है। दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक सोमवार रात आठ बजे 361 था। शहर में न्यूनतम तापमान मंगलवार को 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान में एक डिग्री कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शहर में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।