चक्रवात जवाद का दिखने लगा असर, पुरी में तेज हवाओं के साथ बारिश; परीक्षाएं रद्द

punjabkesari.in Saturday, Dec 04, 2021 - 07:09 PM (IST)

नेशनल डेस्कः बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात जवाद शनिवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओड़िशा से टकरा सकता है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान जवाद शनिवार दोपहर तक ओड़िशा-आंध्र प्रदेश तट तक पहले गहरे दबाव में तब्दील होकर कमजोर पड़ सकता है।

विभाग ने बताया कि इसके कमजोर होकर अगले 12 घंटे में उत्तर और उत्तर-उत्तर पश्चिम की तरफ ओडिशा की ओर बढ़ने तथा पुरी के निकट और आसपास पांच दिसंबर को दोपहर में गहरे दबाव के रूप में पहुंचने का अनुमान है। वहीं इसके बाद तूफान के और कमजोर होकर आगे उत्तर उत्तर पूर्व की तरफ ओडिशा तट से पश्चिम बंगाल तट की तरफ बढ़ने का अनुमान है। इस चक्रवाती तूफान का नाम ‘जवाद' सऊदी अरब ने प्रस्तावित किया है।

विभाग ने बताया कि 30 नवंबर को अंडमान सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना था। दो दिसंबर को यह दबाव में बदल गया और इसके बाद यह शुक्रवार सुबह गहरे दबाव में तथा शुक्रवार दोपहर को यह चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। इस संबंध में आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिलों में शनिवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ओडिशा के गजपति, गंजाम, पुरी, जगतसिंहपुर जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी है।

विभाग ने पश्चिम बंगाल के दूरदराज इलाकों में शनिवार और रविवार को भारी से भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, असम, मेघालय और त्रिपुरा के दूरदराज इलाकों में सोमवार को भारी बारिश की आशंका जताई गई है। शुक्रवार से रविवार तक मध्य और उत्तर बंगाल की खाड़ी में मछुआरों के लिए समुद्र में जाना सुरक्षित नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News