कोविड के बाद भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या चार गुनी हुई
punjabkesari.in Thursday, Mar 16, 2023 - 05:02 PM (IST)

नई दिल्ली: सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि कोविड महामारी में कमी आने के बाद 2022 में भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या चार गुनी से भी अधिक हो गई। पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने 2021 में विदेश से भारत आए पर्यटकों की संख्या 15,27,114 थी जो 2022 में बढ़कर 61,91,399 हो गई और इस प्रकार उनकी संख्या में 305.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि 2021 में पर्यटन के माध्यम से भारत को 65,070 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की आय हुई जो 2022 में 1,34,543 करोड़ रुपये रही।
उन्होंने कहा कि 2022 में पिछले साल की अपेक्षा 106.77 प्रतिशत अधिक विदेशी मुद्रा की आय हुई। मंत्री ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के बाद पर्यटन को बहाल करने और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भाारत सरकार ने संभावित पर्यटन बाजारों से आने वाले विदेशी पर्यटकों को पहले पांच लाख वीजा निशुल्क प्रदान किए।