बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनने वाला पार्षद गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Oct 18, 2025 - 08:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केरल के कन्नूर में एक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के निगम पार्षद को हाल ही में एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर उसकी सोने की चेन छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पी.पी. राजेश के रूप में हुई है, जो यहां कूथुपरम्बा नगरपालिका के चौथे वार्ड का प्रतिनिधित्व करता है।
सूत्रों के अनुसार यह कथित घटना उस हुई जब जानकी (77) घर पर अकेली थी। जब बुजुर्ग महिला रसोई में काम कर रही थी तभी हेलमेट पहने एक व्यक्ति अचानक घर में घुस आया और उसकी सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी उसकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन चोर भागने में कामयाब रहा।
सूत्रों ने बताया कि बाद में सीसीटीवी फुटेज के जरिये पुलिस को अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहन का पता लगाने में मदद मिली और आरोपी राजेश की गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस ने बताया, ‘‘उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।''