Heart Health Alert: जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज कहीं दिल को तो नहीं कर रही कमजोर? जानें एक्सपर्ट की राय

punjabkesari.in Tuesday, Dec 23, 2025 - 03:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आज के समय में फिट रहने के लिए वर्कआउट और एक्सरसाइज को सबसे जरूरी माना जाता है। रोजाना की फिजिकल एक्टिविटी न सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि इम्युनिटी भी मजबूत करती है। लेकिन आज के दिनों में जिम में वर्कआउट के दौरान हार्ट अटैक की खबरें सामने आने के बाद लोगों के मन में सवाल उठने लगे हैं कि क्या जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करना दिल के लिए खतरनाक हो सकता है। आखिर एक्सरसाइज और हार्ट अटैक के बीच क्या संबंध है।

शरीर के लिए क्यों जरूरी है वर्कआउट
नियमित वर्कआउट या एक्सरसाइज करने से डायबिटीज, मोटापा, हड्डियों से जुड़ी समस्याओं और कई गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। फिजिकल एक्टिविटी शरीर को एक्टिव रखने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है। लेकिन हर चीज की एक सीमा होती है और जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करना फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है।


ज्यादा एक्सरसाइज क्यों बन सकती है खतरा?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अपनी शारीरिक क्षमता से अधिक वर्कआउट करना हार्ट पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। एक्सरसाइज के दौरान हार्ट रेट का बढ़ना सामान्य है, लेकिन अगर धड़कन असामान्य रूप से तेज हो जाए, तो ब्लड प्रेशर भी बढ़ने लगता है। लंबे समय तक ऐसा होने पर दिल की मांसपेशियों पर असर पड़ सकता है और उनमें दाग पड़ने का खतरा रहता है। इससे अरिथमिया जैसी हार्ट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं, जो गंभीर साबित हो सकती हैं।


सुरक्षित वर्कआउट के लिए क्या कहते हैं डॉक्टर?
डॉक्टरों की सलाह है कि वर्कआउट हमेशा धीरे-धीरे शुरू करना चाहिए। शुरुआत में कम समय के लिए एक्सरसाइज करें और फिर शरीर की क्षमता के अनुसार समय बढ़ाएं। बिगिनर्स के लिए रोजाना 10 से 15 मिनट का वर्कआउट भी पर्याप्त माना जाता है। इसके साथ ही वर्कआउट के दौरान बीच-बीच में आराम करना और सही तरीके से सांस लेना बेहद जरूरी है।


योग को भी बनाएं दिनचर्या का हिस्सा
एक्सपर्ट्स का कहना है कि वर्कआउट के साथ योग को भी अपनी लाइफस्टाइल में शामिल करना चाहिए। योग से न सिर्फ शरीर मजबूत होता है, बल्कि मन भी शांत रहता है। इससे इम्युनिटी बढ़ती है और हार्ट हेल्थ भी बेहतर बनी रहती है, जिससे लंबे समय तक स्वस्थ जीवन जीने में मदद मिलती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News